‘जगधात्री’ में माया का किरदार मेरे जैसा ही, परिवार के लिए कुछ भी कर सकती हूं : सायंतनी घोष

0
6

मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। टेलीविजन की दुनिया में कई ऐसे किरदार होते हैं, जो दर्शकों के दिलों में बस जाते हैं। खासतौर पर जब कोई किरदार भावनाओं, रिश्तों और संघर्षों से भरा हो, तो वह लोगों को अपनी जिंदगी से जुड़ा हुआ महसूस होता है। ऐसे ही एक मजबूत किरदार को इन दिनों दर्शक टीवी शो ‘जगधात्री’ में देख रहे हैं, जिसे अभिनेत्री सायंतनी घोष निभा रही हैं। इस बीच उन्होंने अपने किरदार और उससे जुड़ी भावनाओं को साझा किया।

शो की कहानी इन दिनों एक अहम मोड़ पर है, जहां रिश्तों, सच्चाई और धोखे के बीच टकराव देखने को मिल रहा है। हाल के एपिसोड्स में रुद्र (आयुष श्रीवास्तव) शिवाय पर गोली चला देता है। शिवाय का किरदार फरमान हैदर निभा रहे हैं। वहीं जगधात्री (सोनाक्षी बत्रा) को पूरा यकीन होता है कि इस हमले के पीछे रुद्र ही है। वह सच्चाई सामने लाने की कोशिश करती है, लेकिन उसके पास पुख्ता सबूत नहीं होते, क्योंकि रुद्र बेहद चालाकी से अपने सारे निशान मिटा देता है।

इसी बीच माया देशमुख (सायंतनी घोष) का किरदार कहानी में एक अहम मोड़ लेकर आता है। माया, जो रुद्र की बहन है, अपने भाई के खिलाफ लगे आरोपों को मानने से साफ इनकार कर देती है। वह अपने परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहती है और किसी भी हाल में उसे टूटने नहीं देना चाहती। माया के दिल में जगधात्री और शिवाय के लिए भी इमोशन्स हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अपने परिवार को प्राथमिकता देती है।

सायंतनी घोष ने कहा, ”माया का रोल मेरे करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक है। यह किरदार सिर्फ ऊपर से मजबूत नहीं दिखता, बल्कि इसके अंदर कई तरह की भावनाएं और उलझनें हैं। माया एक ऐसी महिला है, जो हर हाल में अपने परिवार की रक्षा करना चाहती है और यही बात मुझे इस किरदार से जोड़ती है। हाल के एपिसोड्स में जिस तरह माया अपने परिवार को बचाने के लिए हर हद तक जाने को तैयार दिखती है, वह मुझे बहुत करीब से महसूस होता है।”

सायंतनी ने कहा, ”असल जिंदगी में भी मैं अपने परिवार के लिए हमेशा खड़ी रहती हूं। जैसे माया मुश्किल समय में मजबूत रहती है, वैसे ही मैं खुद भी कठिन परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारती हूं। माया के कुछ गुण ऐसे हैं, जिन्हें मैं अभी सीख रही हूं। एक कलाकार को इस तरह के किरदार बहुत कम मिलते हैं, जो इतना कुछ सिखाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ”’जगधात्री’ जैसे शो का हिस्सा बनना मेरे लिए और भी खास है, क्योंकि इसकी कहानी अलग और नई सोच के साथ पेश की गई है। यह शो रिश्तों और फैसलों की जटिलता को दिखाता है। यही वजह है कि मैं अपने काम से ज्यादा जुड़ाव महसूस करती हूं और हर दिन कुछ नया सीखती हूं।”

आने वाले एपिसोड्स में कहानी और भी दिलचस्प होने वाली है। जगधात्री रुद्र के खिलाफ सबूत जुटाने की कोशिश करती नजर आएगी और साथ ही मूसा को ढूंढने की भी कोशिश करेगी। लेकिन कहानी में एक नया मोड़ तब आता है, जब शिवाय खुद पुलिस को बता देता है कि रुद्र ने उसे गोली नहीं मारी। इस बयान के बाद मामला और उलझ जाता है।