Saturday, June 20, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: अर्शदीप के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, पीबीकेएस के लिए 100...

आईपीएल 2026: अर्शदीप के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, पीबीकेएस के लिए 100 विकेट लेने वाले बने पहले गेंदबाज

0
31

मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में गुरुवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की भिड़ंत मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर पीबीकेएस के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने एक ही ओवर में दो विकेट लेने के साथ ही आईपीएल में 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। वह पंजाब किंग्स की ओर से आईपीएल में 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं।

अर्शदीप के बाद पंजाब किंग्स की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पीयूष चावला दूसरे नंबर पर काबिज हैं। चावला ने पीबीकेएस की तरफ से खेलते हुए 84 विकेट चटकाए। वहीं, संदीप शर्मा 73 विकेट के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। इसके साथ ही अर्शदीप आईपीएल में यह मुकाम हासिल करने वाले बाएं हाथ के महज पांचवें तेज गेंदबाज हैं।

अर्शदीप से पहले यह उपलब्धि ट्रेंट बोल्ट, जयदेव उनादकट, आशीष नेहरा और जहीर खान ही हासिल कर सके हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस की पारी के तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर रयान रिकेल्टन को आउट करने के साथ ही आईपीएल में विकेटों का शतक पूरा किया। अर्शदीप रिकेल्टन को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। इस मुकाबले से पहले अर्शदीप का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में कुछ खास नहीं रहा है। वह अपनी लाइन एंड लेंथ से भटके हुए नजर आए हैं।

इस मुकाबले के लिए पंजाब किंग्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, मुंबई इंडियंस दो बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। रोहित शर्मा फिट नहीं होने के कारण पंजाब किंग्स के खिलाफ यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। रोहित की जगह पर क्विंटन डी कॉक को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, मिचेल सैंटनर भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और उनके स्थान पर मयंक रावत आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं। पंजाब किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में शानदार रहा है। टीम ने अब तक खेले 4 मुकाबलों में से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है।