जिस हुनर पर मिली थी कभी जिल्लत, उसी ने विकास खन्ना को दुनिया के 100 प्रभावशाली हस्तियों में किया शुमार

0
5

मुंबई, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। जब भी अच्छे खाने की बात की जाती है, तो टीवी पर दिखने वाला विकास खन्ना का मासूम चेहरा याद आता है। शेफ विकास न सिर्फ अपने बेहतरीन खाने के लिए बल्कि अपने संघर्ष भरे सफर के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने बहुत कुछ खोकर और कई बार टूटकर खुद को दोबारा मजबूती से खड़ा किया है लेकिन अब वे दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल हो गए हैं। शेफ फिलहाल इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

विकास खन्ना ने कुकिंग की दुनिया में अपना काम कमाने के लिए काफी मेहनत की है और आज टाइम्स की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों की सूची में शामिल होने के बाद शेफ दोबारा अपनी बीती दुनिया में पहुंच गए हैं।

विकास खन्ना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने संघर्ष के दिनों को याद किया है और बताया कि कैसे 1989 में विवेक पब्लिक स्कूल में भटूरा छोले बेचने से लेकर उन्होंने 8 बार मिशेलिन स्टार तक जीतने तक का सफर पूरा किया है।

उन्होंने लिखा, 1991 में मैंने पाक कला को चुना, एक ऐसा निर्णय जिसने मेरी दादी को छोड़कर लगभग सभी को शर्मिंदा कर दिया। अपमान के कई साल ऐसे थे जिनके बारे में मैं शायद ही कभी बात करता हूं। ऐसे क्षण जिन्होंने मुझे लगभग तोड़ दिया था। 2000 में जब मेरा बैंक्वेट ध्वस्त हो गया, तो मैंने लगभग हार मान ली थी। मैं संयुक्त राज्य अमेरिका चला गया और नए सिरे से शुरुआत की।”

अमेरिका में भी विकास खन्ना की नई शुरुआत आसान नहीं रही। उनके पास न तो काम करने की कोई जगह थी और न ही रात बिताने के लिए छत। उन्होंने सड़कों पर खाना बनाकर बेचा और लोगों के घरों की सफाई की।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “घरों की सफाई करना, ट्राइबेका की सड़कों पर खाना बेचना, ग्रैंड सेंट्रल में सोना, एनवाईसी रेस्क्यू में बेघर होने का अनुभव करना, नींद न आने वाली रातें और ट्रेन नंबर 7 में ‘करी बॉय’ कहकर पुकारा जाना और फिर भी, मैं आगे बढ़ता रहा। वहां से …8 मिशेलिन स्टार तक। फिर एक समय आया और टूट गया। अपनी बहन से किए वादे को पूरा करने के लिए फिर उठा और अब साल 2026 में 100 विश्व के सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल हो गया हूं। मैं अभी इसे समझने की कोशिश कर रहा हूं…सफर जारी है।”

8 मिशेलिन स्टार एक अत्यंत प्रतिष्ठित पाक सम्मान है। यह गुणवत्ता का उच्चतम मूल्यांकन है, जो सामग्री, तकनीक, स्वाद और निरंतरता पर आधारित होता है। जब कोई शेफ या रेस्टोरेंट ग्रुप के पास अलग-अलग रेस्टोरेंट्स में मिले स्टार्स को जोड़कर गिना जाता है, तो कुल मिलाकर 8 स्टार हो सकते हैं।