Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home धर्म 21 अप्रैल का पंचांग: शंकराचार्य जयंती और सूरदास जयंती के साथ रवि...

21 अप्रैल का पंचांग: शंकराचार्य जयंती और सूरदास जयंती के साथ रवि योग का शुभ मुहूर्त, नहीं रहेगा भद्रा का साया

0
29

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। हर दिन नई तिथि और मुहूर्त के साथ आता है, जिसके अनुसार ही हिंदू धर्म में मांगलिक कार्य होते हैं। 21 अप्रैल मंगलवार का दिन बहुत शुभ है क्योंकि आज शंकराचार्य जयंती और सूरदास जयंती है।

इन दोनों गुरुओं का ही हिंदू धर्म में बहुत महत्वपूर्ण स्थान रहता है। एक ने ज्ञान का प्रसार किया तो दूसरे ने भक्ति को जीवंत कर दिया। 21 अप्रैल मंगलवार के दिन तिथि पंचमी रहेगी, जो अगले दिन रात 1 बजकर 19 मिनट तक रहेगी। आज राहुकाल का साया रहेगा लेकिन भद्रा नहीं लगेगी। तो चलिए जानते हैं कि कब से शुभ और अशुभ मुहूर्त लग रहे हैं।

शुभ मुहूर्त की बात करें तो ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 23 मिनट से लेकर 5 बजकर 7 मिनट तक रहेगा जबकि अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 55 मिनट से लेकर 12 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। गोधूलि मुहूर्त शाम 6 बजकर 50 मिनट से लेकर 7 बजकर 12 मिनट तक रहेगा, जबकि अमृत काल मुहूर्त 3 बजकर 58 मिनट से लेकर 5 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। वहीं विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 31 मिनट से लेकर 3 बजकर 23 मिनट तक रहेगा। मंगलवार को रवि योग भी लग रहा है, जो रात 11 बजकर 58 मिनट से लेकर अगली सुबह 5 बजकर 50 मिनट तक रहेगा।

रवि योग ज्योतिष में एक अत्यंत शुभ समय माना जाता है, जो सूर्य और चंद्रमा के विशेष नक्षत्रों के आधार पर बनता है। रवि योग अशुभ योगों के प्रभाव को कम कर देता है। माना जाता है कि इस समय किए गए कार्य हमेशा फलदायी होते हैं।

वहीं, अशुभ मुहूर्त की बात करें तो राहुकाल 3 बजकर 36 मिनट से लेकर 5 बजकर13 मिनट तक रहेगा, जबकि गुलिक काल दोपहर 12 बजकर 21 मिनट से लेकर 1 बजकर 58 मिनट तक रहेगा। वहीं वर्ज्य मुहूर्त सुबह 7 बजकर 14 मिनट से लेकर 8 बजकर 41 मिनट तक रहेगा जबकि यमगण्ड काल सुबह 9 बजकर 6 मिनट से लेकर 10 बजकर 43 मिनट तक रहेगा।

21 अप्रैल के दिन सूर्योदय सुबह 5 बजकर 51 मिनट पर होगा और सूर्यास्त शाम 6 बजकर 51 मिनट पर होगा। वहीं, चन्द्रोदय सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर होगा जबकि चन्द्रास्त रात 11 बजकर 27 मिनट पर होगा। आज की दिशा शूल उत्तर दिशा है, यानी आज के दिन उत्तर दिशा की तरफ यात्रा करने से बचें।