एएफटी-गुवाहाटी में असिस्टेंट सहित 15 पदों पर भर्ती जारी, 30 अप्रैल तक करें आवेदन

0
5

दिसपुर, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (एएफटी-गुवाहाटी) ने असिस्टेंट सहित विभिन्न 15 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आर्म्ड फोर्स ट्रिब्यूनल (एएफटी-गुवाहाटी) ने जिन 15 पदों पर वैकेंसी जारी की है, उनमें प्रधान निजी सचिव (पीपीएस); ट्रिब्यूनल अधिकारी/सेक्शन अधिकारी; असिस्टेंट; ट्रिब्यूनल मास्टर/स्टेनोग्राफर ग्रेड-I; जूनियर लेखा अधिकारी; जूनियर लेखाकार; स्टेनोग्राफर ग्रेड-II; यूडीसी; एलडीसी; डेटा एंट्री ऑपरेटर; स्टाफ कार ड्राइवर; डिस्पैच राइडर; एमटीएस/चपरासी के 1-1; और पुस्तकालय परिचारक के 2 पद शामिल हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान/बोर्ड/विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार 10वीं, 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ प्रत्येक पद के लिए कैंडिडेट्स के पास विशिष्ट अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता या कौशल का होना भी अनिवार्य है। वहीं, उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 56 साल तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, स्किल टेस्ट, ड्राइविंग टेस्ट, अनुभव, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 18,000 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एएफटी-गुवाहाटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को ‘रजिस्ट्रार, सशस्त्र बल न्यायाधिकरण, क्षेत्रीय पीठ, गुवाहाटी, दूसरी मंजिल, असम पुलिस आवास निगम लिमिटेड (दूसरी मंजिल), बीके काकाती रोड, पीओ-रेहाबारी, गुवाहाटी-781008’ पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक कर दें। इसी के साथ आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।