अजरबैजान: बाकू में भारतीय दूतावास का भव्य फूड फेस्टिवल, स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा

0
7

बाकू, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। अजरबैजान स्‍थि‍त भारतीय दूतावास ने बाकू में एक भव्य भारतीय फूड फेस्टिवल का सफल आयोजन किया, जिसे स्थानीय समुदाय और नेताओं से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट कर कहा, “इस कार्यक्रम में भारत के अलग-अलग राज्यों के स्वादिष्ट खाने, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कूटनीतिक गतिविधियों को दिखाया गया। यह पूरा दिन चलने वाला कार्यक्रम भारत की समृद्ध खानपान परंपरा, रंग-बिरंगी संस्कृति और विरासत को साथ लेकर आया, और इसमें बड़ी संख्या में उत्साहित लोग शामिल हुए।”

इस फेस्टिवल में कई देशों के राजदूत और डिप्लोमैटिक कोर के सदस्य, अजरबैजान के वरिष्ठ अधिकारी, संसद सदस्य, व्यापार जगत के प्रमुख लोग, मीडिया प्रतिनिधि, अजरबैजान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग, स्थानीय नागरिक और अंतरराष्ट्रीय प्रवासी भी मौजूद रहे।

दूतावास के अनुसार, इस कार्यक्रम में अजरबैजान के डांसर शिरखान और आल‍िया ने बिहार के भोजपुरी गाने पर एक डांस भी प्रस्तुत किया।

इससे पहले इसी महीने विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ईरान के संघर्ष वाले क्षेत्र से भारतीय नागरिकों को निकालने में मदद के लिए अजरबैजान सरकार का धन्यवाद किया था।

उन्होंने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा था, “ईरान से भारतीय नागरिकों को जमीन के रास्ते बाहर निकालने में अजरबैजान सरकार ने जो मदद दी, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत और सहयोग चलता रहता है।”

इसी महीने भारत के नए राजदूत अभय कुमार ने बाकू में अजरबैजान के विदेश मंत्री जेहुन बैरामोव को अपने परिचय पत्र की कॉपी सौंपी, जिससे दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना गया।

इसके अलावा, राजदूत ने ईरान से अजरबैजान के रास्ते वापस लाए गए आखिरी बैच के भारतीय छात्रों से भी मुलाकात की। भारतीय दूतावास के एक्‍स पोस्ट के अनुसार, “2026 मार्च से अब तक 300 से ज्यादा भारतीय नागरिकों को ईरान से अजरबैजान के रास्ते सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 189 छात्र शामिल हैं।”