मई से बंगाल में सेवा, सुशासन और विकास के नए अध्याय का शुभारंभ होगा: सीएम रेखा गुप्ता

0
6

कोलकाता, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के प्रचार का भाजपा शासित राज्यों की मुख्यमंत्रियों ने मोर्चा संभाल लिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने के लिए कोलकाता पहुंचीं।

एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेखा गुप्ता का जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने कहा कि बंगाल में वाद-विवाद और अराजकता का दौर बहुत जल्द खत्म होने वाला है।

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द यहां की जनता बंगाल में नया सवेरा देखेगी। वर्षों से भय के माहौल में जनता जीने को मजबूर थी। बंगाल की जनता दुखी थी। अब जनता के समर्थन और वोट से बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब इस कुशासन से मुक्ति चाहती है। बंगाल के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए जनता ने टीएमसी के कुशासन और भय को नकार कर भाजपा के भरोसे को चुनने का संकल्प ले लिया है।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि कोलकाता एयरपोर्ट पर कार्यकर्ता साथियों का उत्साह, ऊर्जा और विश्वास स्पष्ट संकेत दे रहा है कि बंगाल में परिवर्तन तय है, ममता दीदी की विदाई तय है। इस मई से बंगाल में सेवा, सुशासन और विकास के नए अध्याय का शुभारंभ होगा।

दूसरी ओर, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया का मतलब सिर्फ इतना है कि वोटर लिस्ट को साफ-सुथरा किया जाए। जो लोग गुजर चुके हैं, जिनके नाम दो जगहों पर हैं, उन्हें वोटर लिस्ट से क्यों न हटाया जाए? ऐसे लोग वोट क्यों देंगे?

उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेश से आए हैं, वे वोट क्यों देंगे, इसलिए एसआईआर में सभी को सहयोग करना चाहिए।

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि टीएमसी के गुंडों को अभी जितना हमला करना है, कर सकते हैं। 4 मई की शाम को वे कहां जाएंगे, यह उन्हें भी पता है। इसलिए गुंडों को अभी ही सरेंडर कर देना चाहिए, और इस बार यह तय है कि भाजपा की सरकार ही बनेगी।