गढ़चिरौली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। जिले को नक्सलमुक्त करने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल का तबादला कोल्हापुर जिले में कर दिया गया है। उन्हें कोल्हापुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान में गढचिरौली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत एम. रमेश को जिले की जिम्मेदारी सौंपते हुए नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
नीलोत्पल ने अक्टूबर 2022 में गढचिरौली जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में जिले में नक्सलवाद के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप गढचिरौली को नक्सलमुक्ति की दिशा में बड़ी सफलता मिली।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से 31 मार्च 2026 तक 170 से अधिक हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि 99 नक्सलियों को मुठभेड़ों में मार गिराया गया। इसके अलावा 120 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। जंगलों में वर्षों से मौजूद नक्सली स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया, जो प्रशासन के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
नीलोत्पल गढचिरौली जिले में लंबे समय तक सेवा देने वाले चुनिंदा पुलिस अधीक्षकों में शामिल रहे। उनके कार्यकाल की खास बात यह रही कि उन्होंने कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया और यह सुनिश्चित किया कि गंभीर अपराधों में शामिल कोई भी आरोपी बच न पाए।
नीलोत्पल के कार्यकाल में भामरागढ़ और एटापल्ली जैसे अति दुर्गम एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में (छत्तीसगढ़ सीमा से सटे) में 11 नए पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए। इन केंद्रों के माध्यम से नक्सल प्रभावित इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षा और भरोसा देने का प्रयास किया गया।
वहीं, एम. रमेश ने नवंबर 2023 में गढचिरौली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला था। लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों और मुठभेड़ों में सक्रिय भूमिका निभाई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उनके अनुभव को देखते हुए अब उन्हें गढचिरौली जिले के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नीलोत्वल के कार्यकाल में गढचिरौली ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। अब नए पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के सामने इन उपलब्धियों को बनाए रखते हुए जिले में शांति और सुरक्षा को और मजबूत करने की चुनौती होगी।

