मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। शिवसेना (शिंदे गुट) की वरिष्ठ नेता शाइना एनसी ने मंगलवार को विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, डीएमके और अभिनेता प्रकाश राज को निशाने पर लिया।
शाइना एनसी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “खड़गे की हिम्मत तो देखिए, जो लोकतंत्र से चुने गए प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। देश की जनता इन सबका करारा जवाब देगी।”
उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर सर्वदलीय बैठक में खड़गे के शामिल न होने और बाद में हमले को राजनीतिक मुद्दा बनाने पर भी सवाल उठाया और कहा कि इससे उन परिवारों के प्रति असंवेदनशीलता झलकती है, जिन्होंने अपनी जान गंवाई।
शाइना एनसी ने कांग्रेस पर डीएमके के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस की हिम्मत देखिए, तमिलनाडु की सबसे भ्रष्ट पार्टी डीएमके के साथ गठबंधन करती है और फिर पूछती है कि एआईएडीएमके भाजपा के साथ क्यों है? कांग्रेस परिवारवाद, चाटुकारिता और भ्रष्टाचार से आगे कुछ देख ही नहीं पाती। यह उनके डीएनए में है।”
शिवसेना प्रवक्ता ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री के ‘झालमुड़ी’ खाने पर ममता बनर्जी की आलोचना का जवाब देते हुए कहा, “ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री के हर काम में दिक्कत होती है। वे कहती हैं कि यह पीआर स्टंट है। प्रधानमंत्री जहां जाते हैं, कैमरे होते ही हैं। क्या प्रधानमंत्री की जेब में 10 रुपए का नोट रखना भी गलत है? रविवार को चार रैलियां करने के बाद ठेले वाले से झालमुड़ी खाना उनकी तारीफे काबिल है। ममता दीदी को प्रधानमंत्री को अपना काम करने दीजिए। बंगाल की जनता उनके साथ है।”
अभिनेता प्रकाश राज द्वारा रामायण को उत्तर-दक्षिण विभाजन के रूप में पेश करने पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “प्रकाश राज, आप अभिनेता हैं। उत्तर बनाम दक्षिण की झूठी कहानियां फैलाना आपको शोभा नहीं देता। भगवान राम और लक्ष्मण पर हमला करने वाली कहानी, रावण को आदिवासी बताना और फलों वाली घटना को तोड़-मरोड़कर पेश करना आपकी मनगढ़ंत कल्पना है। इतिहास को इतिहास रहने दीजिए। तमिलनाडु के लोगों को समझना चाहिए कि उत्तर-दक्षिण जैसा कोई बंटवारा नहीं है।”
उन्होंने डीएमके सरकार पर कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और ड्रग्स के बढ़ते मामलों पर सवाल उठाए और कहा, “तमिलनाडु में महिलाओं की सुरक्षा कहां है? स्टालिन साहब महिलाओं से ‘अप्पा’ कहलवाते हैं, लेकिन वहां अपराध बढ़ रहे हैं। ड्रग्स की समस्या पर डीएमके चुप है। परिसीमन को लेकर केंद्र पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। 39 सीटें बढ़कर 59 होनी थीं, लेकिन डीएमके विकास के बजाय झूठे नैरेटिव पर चल रही है।”
उन्होंने नवी मुंबई पुलिस द्वारा 26 करोड़ रुपए की ड्रग्स नष्ट करने का उदाहरण देते हुए कहा कि मुंबई के संवेदनशील इलाकों जैसे गोवंडी, ट्रॉम्बे, शिवाजी नगर आदि में 24×7 हेल्पलाइन और सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में इस अभियान का स्वागत किया और कहा कि ‘नशामुक्त भारत’ आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
शाइना एनसी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि 2026 के परिसीमन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण एससी, एसटी, ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं को समान अवसर देगा। उन्होंने विपक्ष पर महिला-विरोधी होने का आरोप लगाया।
उनका यह इंटरव्यू विपक्षी दलों की रणनीति, परिवारवाद और विकास की कमी पर केंद्रित रहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता से जुड़ने और विकास के कामों में लगे हैं, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मकता और झूठे नैरेटिव पर चल रहा है। जनता इन सबका जवाब चुनाव में देगी।

