पीएम पर खड़गे की टिप्पणी का खामियाजा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना होगा: संजय सेठ

0
6

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पीएम मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी पर केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि चुनावों में खड़गे के बयान का खामियाजा कांग्रेस को भुगतना होगा।

आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक संस्कारहीन पार्टी है। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते रहते हैं। अब खड़गे ऐसी बातें कह रहे हैं। उनकी उम्र को देखते हुए उन्हें इस तरह की टिप्पणियां करना शोभा नहीं देता। पीएम मोदी लगातार सभी का मान सम्मान करते हैं। वे इतने हताश हो चुके हैं कि पीएम के खिलाफ बोल रहे हैं। जनता सब देखती है और बदला लेती है। तभी तो तीसरी बार कांग्रेस को विपक्ष में बिठाया है।

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर महिला आरक्षण संशोधन बिल पारित नहीं होने के बाद पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने की निरंतर प्रक्रिया शुरू हुई है। खड़गे द्वारा राहुल गांधी के कहने पर जो बात कही गई है, वह दिखाता है कि यह कोई संयोग नहीं, बल्कि सोचा-समझा प्रयोग बन चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले खड़गे ने आरएसएस और भाजपा को लेकर विवादित बयान दिया था। इससे पहले कांग्रेस सनातन धर्म, सेना और ओबीसी समाज से आने वाले प्रधानमंत्री का अपमान कर चुकी है। कांग्रेस की एक ही पहचान बन गई है कि संवैधानिक पदों का अपमान और ओबीसी समाज से आने वाले प्रधानमंत्री का अपमान ही करना है। वे अब तक ना जाने कितनी बार पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान दे चुके हैं।

शहजाद पूनावाला ने खड़गे के बयान पर चुनाव आयोग से तुरंत कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को फैसला लेना चाहिए। जिस तरह की भाषा बोली गई है, वह मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है। खड़गे को माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी को भी माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने कई बार मोदी के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया है।