दुबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आईसीसी ने ने कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स काउंटी के पोमोना में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण शुरू होने का स्वागत किया है। क्रिकेट 128 साल बाद लॉस एंजिल्स ओलंपिक से ओलंपिक खेलों में वापसी कर रहा है।
बुधवार को पोमोना के फेयरप्लेक्स ग्राउंड्स में एक ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इसे क्रिकेट और दुनिया भर में फैले इसके 2.5 बिलियन फैंस के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया।
शाह ने एक बयान में कहा, “क्रिकेट के खेल के लिए यह बहुत रोमांचक समय है क्योंकि यह खुद को एक वैश्विक खेल के रूप में स्थापित करने में बड़ी सफलता हासिल कर रहा है। हमारा फोकस क्रिकेट की पहुंच बढ़ाने पर रहा है और ओलंपिक मूवमेंट का हिस्सा बनना कुछ ऐसा है जो अपने साथ गर्व और सपने दोनों लाता है।”
उन्होंने कहा, “यह ग्राउंडब्रेकिंग ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और दुनिया भर के सभी आईसीसी सदस्यों और स्टेकहोल्डर्स के लिए गर्व का पल है। हमें यकीन है कि यह जगह गेम्स के दौरान सेंटर-स्टेज रहेगी और यूएसए में क्रिकेट के लिए एक विरासत छोड़ जाएगी।”
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, “वर्ल्ड बॉडी क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ाने पर फोकस कर रही है। ओलंपिक में इस खेल की वापसी उस लक्ष्य की ओर एक बड़ा कदम है।”
उन्होंने कहा, “अगले दो सालों के सफर में ऐसे कई माइलस्टोन देखने को मिलेंगे जो मौके, संस्कृति और समुदाय की भावना को बढ़ाएंगे, क्योंकि लॉस एंजिल्स 2028 के लिए क्रिकेट का घर पोमोना में बन रहा है। ओलंपिक गेम्स और दूसरे रीजनल मल्टी-स्पोर्ट इवेंट्स में शामिल होने के साथ, क्रिकेट पहले ही बेहतर वैश्विक रूप से तेजी से विकसित होते खेलों के रूप में कदम रख चुक है।”
गुप्ता ने कहा, “हमारे खेल के लिए मोमेंटम पहले कभी इतना मजबूत नहीं रहा। यह हाल के आईसीसी इवेंट्स से पता चलता है, जिनमें रिकॉर्ड-ब्रेकिंग स्टेडियम अटेंडेंस के साथ-साथ ब्रॉडकास्ट और डिजिटल एंगेजमेंट भी देखा गया। दुनिया भर में प्रतिभागियों में जबरदस्त वृद्धि और आईसीसी की हाल की ‘फैन-फर्स्ट’ कोशिशों से ओलंपिक में क्रिकेट की रफ्तार और बढ़ेगी।”
इस इवेंट में लॉस एंजिल्स स्पोर्ट्स के उपाध्यक्ष निकोलो कैंप्रियानी, पोमोना के मेयर टिम सैंडोवल, लॉस एंजिल्स में भारत के कॉन्सुल जनरल डॉ. के. जे. श्रीनिवास, नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीईओ वेंकी मैसूर, और फेयरप्लेक्स के अध्यक्ष और सीईओ वाल्टर मार्केज उपस्थित थे।
लॉस एंजिल्स में क्रिकेट को शामिल करने को इस खेल को इसके पारंपरिक गढ़ों से आगे बढ़ाने और अमेरिका में एक अच्छा असर डालने के एक बड़े मौके के तौर पर देखा जा रहा है।

