जायेद खान के बेटे का जलवा! सूट-बूट में ‘प्रॉम किंग’ बनकर जीता दोस्तों का दिल

0
9

मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता जायेद खान फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना नाम हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए प्रशंसकों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करवाते रहते हैं। शुक्रवार को उन्होंने बताया कि उनके बेटे को स्कूल की ‘प्रॉम नाइट’ में ‘प्रॉम किंग’ चुना गया है।

जायेद ने इंस्टाग्राम पर मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके बेटे की तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं। इन तस्वीरों में ज़िदैन काले रंग के शानदार सूट और टाई में नजर आ रहे हैं। साथ ही, उन्होंने ‘प्रॉम किंग’ का सैश (पट्टी) भी पहना हुआ है।

वहीं, तस्वीरों में जिदैन अपनी ‘प्रॉम क्वीन’ के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए जायेद ने लिखा, “यह सब देखकर पुराने सुनहरे साल याद आ गए। ऐसा लगता है कि जैसे कल की ही बात हो, जब मैं भी उसी कोडाई इंटरनेशनल स्कूल के हॉल में अपनी प्रॉम नाइट पर डांस कर रहा था। बस फर्क इतना है कि तब मैं ‘प्रॉम किंग’ नहीं बन पाया था लेकिन अब मेरे बेटे ने यह मुकाम हासिल कर लिया है।”

जायेद ने बताया कि प्रॉम किंग का चुनाव स्कूल के छात्र खुद करते हैं। उन्होंने लिखा, “11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र उस व्यक्ति को वोट देते है, जिसे वे सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। मेरे लिए सबसे खुशी की बात यह थी कि जब जिदैन के नाम की घोषणा हुई, तो पूरी हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा था।”

अभिनेता ने भावुक होते हुए लिखा, “एक पिता के तौर पर मेरे लिए यह गर्व का पल है। इससे मुझे पता चला कि मेरा बेटा न केवल पढ़ाई में अच्छा है बल्कि वह एक बेहतरीन इंसान भी है, जिसे उसके दोस्त इतना प्यार करते हैं। अपने ग्रुप और स्कूल से ऐसी स्वीकृति मिलना किसी भी तोहफे से बड़ा है।”

जायेद के इस पोस्ट पर उनके फैंस और इंडस्ट्री के दोस्तों और परिवार वाले कमेंट कर रहे हैं। जायेद की बहन और ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने कमेंट सेक्शन में लिखा, “ओह, मेरा प्यारा जिदानू।”

ऋतिक की मां ने लिखा, “जायद और मल्ली के लिए बहुत खुशी हो रही है। आप दोनों को अपने बच्चों से हमेशा खुशियां मिलती रहें। सच में, माता-पिता के लिए इससे बड़ी खुशी कोई नहीं होती। बहुत सारा प्यार।”