आप सांसदों का दलबदल जनता के जनादेश की सौदेबाजी: प्रताप सिंह बाजवा

0
5

चंडीगढ़, 24 अप्रैल (आईएएनएस) । आम आदमी पार्टी (आप) के कई सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को कहा कि राज्यसभा में आप के भीतर चल रही फूट ने पार्टी का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

उन्होंने कहा कि यह संकट वैचारिक नहीं है, बल्कि इसमें राज्य के संसाधनों और जनता के पैसे पर कब्जे की लड़ाई में निहित है।

बाजवा ने कहा कि इन घटनाक्रमों ने उन पुरानी चिंताओं की पुष्टि कर दी है कि पंजाब में आप की राजनीति शासन-प्रशासन से कम, बल्कि राज्य के खजाने तक पहुंचने की आंतरिक होड़ से ज्‍यादा प्रेरित रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज जो कुछ सामने आ रहा है, वह सिद्धांतों की लड़ाई नहीं, बल्कि सत्ता, संरक्षण और पैसे को लेकर चल रहा संघर्ष है।

कांग्रेस विधायक बाजवा ने कहा कि यह बेहद विडंबनापूर्ण है कि राघव चड्ढा ने दावा किया है कि वह पार्टी के भीतर चल रही गलत हरकतों में भागीदार नहीं बने रह सकते थे, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया है कि चड्ढा और अन्य लोग इसलिए पार्टी छोड़कर चले गए, क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार करने की छूट नहीं दी गई।

बाजवा ने कहा क‍ि जब दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हों, तो सच्चाई अपने आप ही सामने आ जाती है। यह लड़ाई कभी भी विचारधारा को लेकर नहीं थी। यह हमेशा से ही पैसे और पंजाब के सरकारी खजाने की सुनियोजित लूट को लेकर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने भी इस पूरे घटनाक्रम में अपनी भूमिका निभाई है, जिसे उन्होंने ‘जनता के जनादेश की सौदेबाजी’ करार दिया। बाजवा ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध रूप से जमा की गई संपत्ति का पता लगाने के लिए किया गया था, लेकिन न्याय सुनिश्चित करने के बजाय ऐसा प्रतीत होता है कि इस जानकारी का इस्तेमाल लोगों पर दबाव बनाने और उन्हें राजनीतिक रूप से अपने पाले में लाने के लिए किया गया।

उन्होंने कहा कि इससे कानून का राज स्थापित करने के लिए बनाई गई संस्थाओं के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। भारत की जनता जवाबदेही की उम्मीद करती है, न कि चुनिंदा कार्रवाई के आधार पर की जाने वाली राजनीतिक सौदेबाजी की।

पंजाब के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि इसके बिल्कुल विपरीत, कांग्रेस ने सार्वजनिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और जवाबदेही को हमेशा ही कायम रखा है। जब 2027 में पंजाब की जनता कांग्रेस को सत्ता की बागडोर सौंपेगी, तो पार्टी ‘गलत कामों और चूकों’ से जुड़े सभी मामलों की पूरी तरह और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत जवाबदेह ठहराएगी।

उन्होंने एक बयान में कहा कि कांग्रेस स्वच्छ शासन और जनता के जनादेश के सम्मान के लिए पूरी दृढ़ता से खड़ी है। पंजाब स्थिरता, ईमानदारी और ऐसे नेतृत्व का हकदार है जो राजनीतिक अवसरवादिता से ऊपर जनहित को प्राथमिकता दे।