नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने ओपनएआई और उसके सह-संस्थापकों सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन के खिलाफ लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों को वापस ले लिया है, जिससे ट्रायल शुरू होने से पहले उनके मुकदमे का दायरा सीमित हो गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी अदालत की न्यायाधीश यवोन गोंजालेज रोजर्स ने मस्क को केस को सीमित करने की अनुमति दी है, जिससे अब उनके नवंबर 2024 के केस में शामिल 26 आरोपों में से सिर्फ 2 दावे—अनुचित लाभ और चैरिटेबल ट्रस्ट का उल्लंघन ही बचे हैं।
इस मामले में जूरी का चयन सोमवार से कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित फेडरल कोर्ट में शुरू होगा।
मस्क का आरोप है कि ओपनएआई ने अपनी शुरुआती गैर-लाभकारी उद्देश्य से हटकर काम किया है। उनका कहना है कि कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट से अरबों डॉलर की फंडिंग लेने के बाद खुद को मुनाफा कमाने वाली कंपनी में बदल लिया।
मस्क इस मामले में करीब 134 अरब डॉलर तक के हर्जाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर वे केस जीतते हैं, तो यह पैसा ओपनएआई की चैरिटेबल शाखा को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कोर्ट से यह भी मांग की है कि ओपनएआई को फिर से गैर-लाभकारी संस्था बनाया जाए और सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन को उनके पदों से हटाया जाए।
हालांकि, ओपनएआई, उसके अधिकारी और माइक्रोसॉफ्ट ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है और कहा है कि मस्क ट्रायल से पहले नई मांगें रख रहे हैं।
यह ट्रायल दो चरणों में होगा। पहले चरण में जूरी दोनों पक्षों की दलीलें सुनेगी और एक गैर-बाध्यकारी सलाहकारी फैसला जारी करेगी।
दूसरे चरण में जज यह तय करेंगे कि मस्क की मांगों पर क्या कार्रवाई की जाए।
एलन मस्क ने 2015 में ओपनएआई की सह-स्थापना की थी, लेकिन 2018 में वह इसके बोर्ड से अलग हो गए थे। बाद में उन्होंने 2023 में अपनी एआई कंपनी एक्सएआई शुरू की, जिससे एआई सेक्टर में प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई।
इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में मस्क ने एआई फर्म के लाभ कमाने वाली संस्था में बदलने के खिलाफ अपनी कानूनी चुनौती के तहत ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को हटाने की मांग की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट में दायर एक याचिका में मस्क ने कहा कि उनके मुकदमे का उद्देश्य ओपनएआई के पुनर्गठन को पलटना और इसे एक गैर-लाभकारी अनुसंधान संगठन के रूप में बहाल करना है।

