बारानगर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है और दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों की ओर से चुनाव प्रचार तेज कर दिया गया है। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बारानगर में विशाल रोड शो का नेतृत्व किया।
रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने लोगों से मिल रहे प्यार के लिए उनका आभार जताया। आईएएनएस से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल अब अपनी खोई हुई गरिमा वापस पाने और भय की राजनीति को हमेशा के लिए खारिज करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सड़कों पर जो रुझान दिख रहा है, वह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। चार मई को कमल खिलने वाला है। पूरा वातावरण अब भगवामय हो चुका है।
पहले चरण के तहत हुई वोटिंग के दौरान भाजपा प्रत्याशियों पर हुए हमलों का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि यह टीएमसी की गुंडागर्दी का अंतिम दौर है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा का कमल खिला हुआ दिखाई देगा।
नितिन नवीन ने रोड शो के दौरान लोगों से अपील की कि वे भयमुक्त होकर वोट दें और बंगाल को सुशासन व विकास की राह पर ले जाएं।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और 6 अन्य सांसदों के आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर नितिन नवीन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का नाम बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से जोड़ा जा रहा है, तो इससे पार्टी के भीतर काफी असंतोष पैदा होता है। इसी के चलते, कुछ सांसदों ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। यह इस बात का संकेत है कि पूरे देश में, पीएम नरेंद्र मोदी पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।
नितिन नवीन के हालिया एक्स पोस्ट के अनुसार, उन्होंने भाजपा के पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का स्वागत किया। उन्होंने हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता को पीएम मोदी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए शुभकामनाएं दी।

