अभिनेत्री मधु ने बताया कार्डियो वर्कआउट का महत्व, बोलीं- हर चिंता का हल है एक अच्छी दौड़

0
6

मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। बीते जमाने की मशहूर अदाकारा मधु सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी प्रेरणादायक पोस्ट के जरिए फैंस के बीच मौजूदगी रखती हैं। शनिवार को उन्होंने कार्डियो वर्कआउट करने के फायदे बताए।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में ‘कार्डियो वर्कआउट’ के महत्व को समझाते हुए बताया कि कैसे शारीरिक व्यायाम न केवल शरीर को, बल्कि इंसान की इच्छाशक्ति को भी फौलादी बनाता है।

वीडियो में अभिनेत्री कार्डियो सेशन के बाद पसीने में नजर आ रही हैं। वीडियो में वे कहती हैं, “कुछ न करने से बेहतर है कि आप थोड़ा बहुत प्रयास जरूरी करें। अपनी सेहत के लिए उठाया गया हर छोटा कदम सराहनीय है, लेकिन अब आप पूरी एकाग्रता के साथ खुद को समय देते हैं तो वह आपके व्यक्तित्व को निखारता है।”

मधु ने बताया कि वर्कआउट केवल वजन घटाने का जरिया नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा, “जब हम खुद को शारीरिक चुनौती देते हैं तो यह हमारी इच्छाशक्ति की परीक्षा होती है। इससे मिलने वाली उपलब्धि का एहसास व्यक्ति को भीतर से ‘कॉन्फिडेंट’ महसूस कराता है।”

उन्होंने आगे कहा, “आज हर तरफ एक अजीब सी अफरा-तफरी और ‘युद्ध-क्षेत्र’ जैसी स्थिति है। चाहे वह पढ़ाई का दबाव हो, शादियों की भागदौड़ हो, या फिर किसी पार्टी में न बुलाए जाने का छोटा सा दुख, ये छोटी-बड़ी बातें इंसान को तनाव देती हैं।”

मधु ने सभी को सलाह दी कि हर तरह की चिंताओं और मानसिक बोझ से छुटकारा पाने का सबसे सरल तरीका एक अच्छी दौड़ पर निकल जाना है। उन्होंने अपने प्रशंसकों को ‘हैप्पी सैटरडे’ विश करते हुए संदेश दिया कि पसीना बहाने के बाद जब आप लौटेंगे तो आप खुद को ज्यादा खुश और सकारात्मक पाएंगे।

अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “अगर दिल और शरीर का रक्त संचार स्वस्थ है तो व्यक्ति अच्छा काम कर पाता है, सफल होता है और खुश रहता है।”