बिहार : सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को चेताया, फाइल लंबित रखा तो होगी कार्रवाई

0
8

मुंगेर, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र तारापुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। यहां पर लोगों को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है, जो उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है और वे अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए आए हैं।

पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बिहार को सजाने और विकास करने का काम किया। अब उसी कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को सख्ती के संकेत देते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ब्लॉक और अंचल स्तर तक मॉनिटरिंग की जाएगी और यदि कोई पदाधिकारी एक महीने से अधिक फाइल लंबित रखता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

उन्होंने इस मौके पर साफ कर दिया कि बिहार में 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है।

सीएम सम्राट चौधरी ने अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त संदेश देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी का भी घर क्यों न हो। उन्होंने यह भी बताया कि तारापुर में उनके अपने घर पर भी प्रशासन की कार्रवाई हो रही है। कानून सभी के लिए समान है।

उन्होंने हर घर तक एक किलोवाट सोलर बिजली पहुंचाने की योजना की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में लोगों को बिजली के लिए सरकार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री असरगंज प्रखंड के ऐतिहासिक ढोल पहाड़ी पहुंचकर मंदिर में पूजा-अर्चना की और उसके बाद इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिए 12.49 करोड़ रुपए की परियोजना का शिलान्यास किया। इस योजना के तहत यहां पिकनिक स्पॉट, पार्क, भव्य शिव प्रतिमा, बैंक्वेट हॉल और क्राफ्ट शॉप्स बनाए जाएंगे। साथ ही आधुनिक पार्किंग, पक्के रास्ते, सोलर लाइट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और बेहतर पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बाबा मौनीनाथ मंदिर और प्राचीन गुफाओं को पर्यटन सर्किट से जोड़कर इसे धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने टेटिया बंबर प्रखंड के बाबा उच्चेश्वरनाथ धाम के विकास के लिए 26.31 करोड़ रुपए की इको-टूरिज्म परियोजना की भी शिलान्यास किया। देवघरा पहाड़ पर स्थित यह धाम आस्था और इतिहास का संगम है, जहां महाशिवरात्रि पर विशाल मेला लगता है।