Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति सौरभ भारद्वाज का राघव चड्ढा पर तंज, ‘जाने के लिए स्वतंत्र थे,...

सौरभ भारद्वाज का राघव चड्ढा पर तंज, ‘जाने के लिए स्वतंत्र थे, षड्यंत्र रचना सही नहीं’

0
27

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘आप’ छोड़कर राघव चड्ढा सहित अन्य सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राघव चड्ढा को भाजपा के साथ मिलकर षड्यंत्र नहीं रचना चाहिए था।

पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो जारी कर कहा कि राघव चड्ढा स्वतंत्र हैं। वो किसी भी पार्टी में जा सकते हैं, लेकिन जिस तरह से गए हैं, वो नहीं करना चाहिए था। भारद्वाज ने कहा कि राघव ने एक बयान में कहा था कि लोग जैसे नौकरी बदलते हैं, वैसे मैंने पार्टी बदल ली है। मैं इस पर कहना चाहता हूं कि लोग नौकरी बदलने के पहले नोटिस देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह वैसा नहीं है, लेकिन जब लोग नौकरी बदलते हैं, तो वे अपनी मौजूदा कंपनी के खिलाफ साजिश नहीं करते हैं, लेकिन राघव चड्ढा यहां साजिश रच रहे हैं। उनको इस तरह काम नहीं करना चाहिए, उन्होंने इतने साल इस पार्टी में दिया है, उसके बारे में कुछ सोचना चाहिए। एक साल से अधिक समय तक, राघव ने भाजपा की सेंट्रल गवर्नमेंट के साथ मिलकर एक ऐसे युवा पॉलिटिशियन की न्यूट्रल इमेज बनाने की साजिश की, जो मिडिल क्लास के मुद्दे उठाता है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राघव चड्ढा के ऊपर जब ईडी का शिकंजा कसने लगा, तभी मन बना लिया था कि भाजपा ज्वाइन कर लेंगे नहीं तो ईडी हमें फंसा सकती है। राघव ने पार्टी में ये बात किसी को बताई नहीं थी और पार्टी के साथ गलत किया है, जबकि पार्टी ने हमेशा उनके हित में काम किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही राघव चड्ढा को सलाह दी थी कि आप ऐसे मुद्दे उठाओ, जिस पर हमको काम करना है और इस मुद्दे की वजह से आप युवाओं के चहेते भी हो जाओगे, जिससे आने वाले समय में पार्टी को फायदा होगा। जब राघव चड्ढा अपने मुद्दे उठाते थे तो कोई भी भाजपा का सांसद बोल सकता था कि ये काम सरकार कर रही है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और राघव के साथ मिलकर भाजपा ने काम किया। राघव चड्ढा जब चाहते तब पार्टी छोड़ सकते थे, लेकिन जिस पार्टी ने आपको सब कुछ दिया, आपने उसी के खिलाफ साजिश रची है। ये सही नहीं है।