शानदार आईपीएल डेब्यू सीजन, इंजरी ने लगाया करियर की रफ्तार पर ब्रेक, अब जोरदार वापसी से छाए मोहसिन खान

0
15

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘रख हौसला वो मंजर भी आएगा, प्यासे के पास चलकर समंदर भी आएगा, थककर ना बैठ ए मंजिल के मुसाफिर, मंजिल भी मिलेगी और मिलने का मजा भी आएगा।’ आईपीएल 2026 में एक ऐसा गेंदबाज अपनी शानदार गेंदबाजी से दिल जीत रहा है, जिसके लिए एक समय पर अपना हाथ कटने से बचाने की चुनौती थी। मगर इतिहास गवाह है कि किस्मत भी बहादुर का साथ देती है। इस गेंदबाज का नाम है मोहसिन खान।

मोहसिन खान की आईपीएल में एंट्री साल 2018 में हुई थी। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था। वह मुंबई इंडियंस के साथ तीन सीजन रहे, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, इस दौरान घरेलू क्रिकेट में वह अपने प्रदर्शन से लगातार छाप छोड़ते रहे। इसके बाद आया साल 2022। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मोहसिन पर भरोसा दिखाया और उन्हें 20 लाख में खरीदा।

एलएसजी के खेमे को मोहसिन में कुछ खास बात नजर आई और उत्तर प्रदेश के संभल में जन्मे इस तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया। मोहसिन भी टीम की उम्मीदों पर एकदम खरे उतरे। उन्होंने आईपीएल 2022 में खेले 9 मुकाबलों में 14 विकेट चटकाए। इस दौरान उनका इकोनॉमी महज 5.97 का रहा।

शानदार डेब्यू सीजन के बाद मोहसिन के नाम की हर तरफ चर्चा शुरू हो गई। माना जाने लगा कि उन्हें जल्द ही भारतीय टीम का बुलावा आ सकता है। हालांकि, तकदीर को अभी कुछ और ही मंजूर था। आईपीएल 2022 के बाद मोहसिन घर लौटे, और अचानक उन्हें अपने बाएं हाथ को उठाने में दिक्कत महसूस हुई।

मोहसिन को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया और फिर वहां से मुंबई। कई तरह की जांच हुई, जिसके बाद सामने आया कि मोहसिन के बाएं हाथ की एक नस से खून का बहाव नहीं हो पा रहा है। डॉक्टर्स ने यहां तक कह दिया कि पूरी तरह से ठीक होने में दो से तीन साल भी लग सकते हैं और मोहसिन दोबारा खेल पाएंगे या नहीं इस बात की भी कोई गारंटी नहीं है। डॉक्टर्स ने कहा कि समय रहते हुए जांच में मोहसिन की यह कमी बाहर आ गई, वरना उनका गेंदबाजी करने वाला बायां हाथ काटना भी पड़ सकता था।

मोहसिन सर्जरी से गुजरे और सब कुछ ठीक रहा। हालांकि, उन्हें लगभग एक साल तक क्रिकेट से पूरी तरह से दूर रहना पड़ा। आईपीएल 2023 में मोहसिन लौटे, लेकिन गेंदबाजी में वो बात नजर नहीं आई और वह 5 मुकाबलों में सिर्फ 3 विकेट निकाल सके। इस दौरान उनका इकोनॉमी 10.70 का रहा। आईपीएल 2024 में मोहसिन ने 10 मैच खेले और इतने ही विकेट निकाले। हालांकि, पहले सीजन में 5.97 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करने वाले मोहसिन का दोनों ही सीजन में इकोनॉमी 10 के पार का रहा।

इस मुश्किल समय में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मोहसिन खान का साथ नहीं छोड़ा और उन पर भरोसा बनाए रखा। आईपीएल 2025 में इंजरी की वजह से मोहसिन पूरे सीजन नहीं खेल सके। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में मोहसिन जब लौटे, तो उनकी गेंदबाजी में वही पुरानी धार नजर आई। इस सीजन खेले 4 मुकाबलों में ही मोहसिन 9 विकेट निकाल चुके हैं।

26 अप्रैल, 2026 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मोहसिन ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वह भारत की ओर से आईपीएल में सबसे बेस्ट गेंदबाजी स्पेल फेंकने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बने। मोहसिन का इस सीजन इकोनॉमी सिर्फ 6.38 का रहा है। 4 मुकाबलों में ही मोहसिन 3 ओवर मेडन डाल चुके हैं। एलएसजी की तरफ से सबसे ज्यादा मेडन ओवर डालने का रिकॉर्ड फिलहाल मोहसिन (5) के ही नाम है। रफ्तार के साथ-साथ मोहसिन के पास शानदार लाइन और लेंथ भी है, जो बल्लेबाजों को खासा तंग करती है। मोहसिन अगर बचे हुए मुकाबलों में इसी तरह अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ने में सफल रहे, तो वह जल्द टीम इंडिया की जर्सी में भी नजर आ सकते हैं।