पहले चरण में टीएमसी की सीटें हुईं आधी, दूसरे चरण में होगा सूपड़ा साफ: नकवी

0
7

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल से ममता की विदाई तय है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में नकवी ने कहा कि टीएमसी और उसका पूरा गिरोह अच्छी तरह जानता है कि पहले चरण के मतदान में उनकी सीटें आधी हो गई हैं और दूसरे चरण में उनका पूरी तरह सूपड़ा साफ होने वाला है।

उन्होंने कहा कि जब उन्हें यह एहसास हो गया है तो ऐसे अराजक और हंगामे भरे माहौल में चुनाव आयोग जैसी संस्था अगर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र वातावरण में चुनाव कराने का प्रयास कर रही है, तो उस पर सवाल उठाना और आरोप लगाना टीएमसी की पुरानी आदत है। लेकिन इससे उन्हें कोई फायदा नहीं होगा।

नकवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन से मुक्ति पाना चाहती है। लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए बदलाव का मन बना लिया है और आगे भी करेंगे।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि रामराज्य केवल कहने के लिए नहीं, बल्कि लोगों के लिए होता है। हिंदू धर्म ही हिंदुस्तान है।

भारत दुनिया की सबसे प्राचीन और महान सभ्यता है। सनातन संस्कृति को यह साबित करने की कोई जरूरत नहीं कि भारत सनातन है या हिंदू राष्ट्र है। यह तो भारत के लोगों की आत्मा है। जो लोग इस आत्मा पर प्रहार करते हैं, वे कभी सफल नहीं होते।

नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बंगाल के मतदाताओं को लिखे गए पत्र का भी जिक्र किया और कहा कि बंगाल हमेशा से क्रांति की भूमि रही है। उन्होंने टीएमसी सरकार पर बंगाल की जनता के साथ घोर विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

बिहार में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर चल रही बहस पर नकवी ने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय राष्ट्र की आत्मा है। इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी काम करने में जीरो और दिखावे में हीरो है। अब पार्टी में फूट पड़नी शुरू हो गई है। काम करने के लिए कुछ नहीं बचा तो धरना देने की योजना बना रही है।