टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हमने जो तय किया था, उसे इस मैच में हासिल किया: रियान पराग

0
4

न्यू चंडीगढ़, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का विजयरथ रोक दिया है। आरआर ने मंगलवार को सीजन के 40वें मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम किया। जीत के बाद आरआर के कप्तान रियान पराग ने बताया कि बतौर टीम सीजन की शुरुआत से पहले जो तय किया था, उसे इस मैच में हासिल कर लिया है।

महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए। इस पारी में मार्कस स्टोइनिस 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन बनाए।

इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम के लिए जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन की पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 43 रन बनाए। इनके अलावा, डोनोवन फरेरा ने नाबाद 52 रन टीम के खाते में जोड़े।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने शानदार जीत के बाद कहा, “बतौर टीम टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हमने जो तय किया था, उन्हें इस मैच में हासिल किया। हम उन्हें थोड़ा और कम स्कोर पर रोक सकते थे, लेकिन बल्लेबाजों ने इसकी भरपाई कर दी।”

उन्होंने कहा, “हम कुछ ओवर गेंदबाजी में बेहतर कर सकते थे और बल्लेबाजी में भी कुछ ओवर बेहतर हो सकते थे, लेकिन हमारा लक्ष्य पूरे 40 ओवर अच्छा प्रदर्शन करना था। चिंताएं सिर्फ बाहर के लोगों की थीं, हमें अपने खिलाड़ियों पर भरोसा था। सारी फिक्र बाहर से थी, हमारे भीतर नहीं। हमारी योजना यही थी कि विकेट हाथ में रखें, लेकिन रनरेट से बहुत पीछे भी न रहें। मुश्किल हिस्सा मोमेंटम बनाए रखना था। हम थोड़ा पीछे रह गए थे, लेकिन फिर वापसी की।”

पंजाब किंग्स 14 ओवर की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 151 रन बना सकी थी। इसके बाद डोनोवन फरेरा ने शुभम दुबे के साथ 32 गेंदों में 77 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई।

दुबे ने 12 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ नाबाद 31 रन बनाए, जबकि फरेरा ने 26 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 52 रन की नाबाद पारी खेली। इन खिलाड़ियों की तारीफ में कप्तान ने कहा, “शुभम दुबे और डॉन (डोनोवन फरेरा) ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे मुकाबला पंजाब किंग्स से दूर हो गया। दोनों ने जिस अंदाज में खेला, वह काबिल-ए-तारीफ था।”