Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईसीएसई-आईएससी नतीजे घोषित, उत्तराखंड के सीएम धामी ने मेधावी छात्रों को दी...

आईसीएसई-आईएससी नतीजे घोषित, उत्तराखंड के सीएम धामी ने मेधावी छात्रों को दी बधाई

0
20

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने गुरुवार को आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) की बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ डिजिलॉकर, एसएमएस और उमंग ऐप पर जारी कर दिए हैं।

आईसीएसई (हाईस्कूल) का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.18 दर्ज किया गया है, जिसमें लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 99.46 और लड़कों का 98.93 फीसदी रहा। आईएससी (इंटरमीडिएट) में छात्रों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.13 रहा, जिसमें लड़कियों का पासिंग प्रतिशत 99.48 और लड़कों का 98.81 फीसदी दर्ज किया गया।

आईसीएसई-आईएससी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 जारी होने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म (एक्स) पर एक पोस्ट के जरिए परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “आईसीएसई की हाईस्कूल एवं आईएससी इंटरमीडिएट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी मेधावी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

सीएम धामी आगे लिखते हैं, “आपकी यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासित जीवनशैली और दृढ़ निश्चय का परिणाम है। पूर्ण विश्वास है कि आप अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सतत प्रयासों के बल पर आने वाले समय में नए आयाम स्थापित करेंगे तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।”

उन्होंने लिखा, “जो विद्यार्थी इस बार अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे निराश न हों। असफलता अंत नहीं, बल्कि नए संकल्प और अधिक परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का अवसर होती है। विश्वास रखें, आपका प्रयास अवश्य सफलता में परिवर्तित होगा।”

इस वर्ष सीआईएससीई द्वारा आयोजित दोनों की कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में 4 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। सीआईएससीई ने आईसीएसई (हाईस्कूल) की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक और आईएससी (इंटरमीडिएट) की परीक्षाएं 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक आयोजित की थी।