Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: ताशकंद में दमखम दिखाने को तैयार 56 भारतीय बॉक्सर

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: ताशकंद में दमखम दिखाने को तैयार 56 भारतीय बॉक्सर

0
25

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। 56 सदस्यों वाली भारतीय बॉक्सिंग टीम एशियन बॉक्सिंग अंडर-15 और अंडर-17 चैंपियनशिप 2026 में अपना अभियान शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह चैंपियनशिप शुक्रवार से उज्बेकिस्तान के ताशकंद में शुरू होगी।

भारत इस प्रतिष्ठित आयु-वर्ग टूर्नामेंट में लड़कों और लड़कियों, दोनों ही श्रेणियों में एक मजबूत और संतुलित टीम के साथ उतर रहा है। अंडर-17 टीमों में लड़कों और लड़कियों, दोनों ही श्रेणियों में 13-13 मुक्केबाज होंगे। ये मुक्केबाज 44–46 किलोग्राम से लेकर 80+ किलोग्राम भार वर्गों में मुकाबला करेंगे। प्रत्येक टीम के साथ चार कोच और एक फिजियोथेरेपिस्ट होंगे।

वहीं, अंडर-15 टीमों में लड़कों और लड़कियों, दोनों ही श्रेणियों में 15-15 बॉक्सर शामिल हैं। ये बॉक्सर 30–33 किलोग्राम से लेकर +70 किलोग्राम तक की श्रेणियों में मुकाबला करेंगे। प्रत्येक टीम के साथ पांच कोच और एक फिजियोथेरेपिस्ट होंगे।

टूर्नामेंट से पहले बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, “ये चैंपियनशिप हमारे युवा बॉक्सरों के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने और एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खुद को परखने का एक महत्वपूर्ण मंच हैं। पिछले दो वर्षों में, बॉक्सिंग ने खुद को भारत के सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खेल के रूप में स्थापित किया है। इसने लगातार प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सबसे ज्यादा मेडल दिलाए हैं, जिनमें यूथ एशियन गेम्स जैसे बहु-खेल मुकाबले, साथ ही विश्व और महाद्वीपीय चैंपियनशिप शामिल हैं।”

उन्होंने कहा, “यह लगातार मिली सफलता हमारे जमीनी स्तर के कार्यक्रम की बढ़ती गहराई को दर्शाती है। हमारे पास सभी आयु श्रेणियों में प्रतिभाशाली एथलीट्स का एक मजबूत ग्रुप है। हमें विश्वास है कि यह दल भारतीय बॉक्सिंग के लिए उभरती प्रतिभाओं और भविष्य के चैंपियनों की अगली पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता है।”

पिछले साल, भारत ने जॉर्डन के अम्मान में हुई पहली एशियन अंडर-15 और अंडर-17 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान का समापन किया था। भारत ने कुल 43 पदक जीते, जिनमें 15 गोल्ड, 6 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।