Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फुटबॉल: सीजन के आखिर में रिटायरमेंट लेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्टार एश्ले...

फुटबॉल: सीजन के आखिर में रिटायरमेंट लेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्टार एश्ले यंग

0
32

लंदन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। एश्ले यंग ने 40 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया है, जिससे उनके दो दशक से ज्यादा लंबे करियर का अंत हो जाएगा। यंग ने अपने करियर की शुरुआत वॉटफोर्ड से 2003 में की थी। इसके बाद उन्होंने एस्टन विला, मैनचेस्टर यूनाइटेड, इंटर मिलान और एवर्टन जैसे बड़े क्लबों का प्रतिनिधित्व किया। शुरुआत में विंगर के रूप में पहचान बनाने वाले यंग ने बाद में अपने खेल में बदलाव किया और एक प्रभावी फुल-बैक के रूप में भी खुद को स्थापित किया।

एश्ले यंग इप्सविच टाउन में अपने करियर को अलविदा कहेंगे। एवर्टन छोड़ने के बाद, जुलाई 2025 में वह एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर इस क्लब से जुड़े थे। चोटों से जूझने के बावजूद, यंग इस सीजन में इप्सविच के लिए 13 बार मैदान पर उतरे, जिनमें ज्यादातर सब्स्टीट्यूट की भूमिका निभाई। उनका आखिरी मैच जनवरी में ब्रिस्टल सिटी के खिलाफ था, जिसमें उनकी टीम जीती थी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यंग ने नवंबर 2007 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया और कुल 39 मैच खेले, जिसमें उन्होंने नेशनल टीम के लिए 7 गोल किए।

इप्सविच टाउन की तरफ से जारी एक बयान में एश्ले ने कहा, “मुझे अपने करियर में जो कुछ भी हासिल हुआ है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं। जब आप खेल में सक्रिय होते हैं, तो अक्सर बैठकर अपने करियर के बारे में सोचने का मौका नहीं मिलता, लेकिन पिछले 23 वर्षों में मैंने अपने सपनों को जिया है। अब समय आ गया है कि मैं इस बात पर विचार करूं कि मैंने क्या हासिल किया है। अगले कुछ हफ्ते और महीने इस बात का फैसला करने में लगेंगे कि मैं आगे क्या करने वाला हूं, लेकिन ये सब बाद की बातें हैं। मेरा पूरा ध्यान शनिवार के मैच पर है और इस क्लब को उसका लक्ष्य हासिल करने में मदद करने पर है, यानी प्रीमियर लीग में वापसी करना।”

टाउन के मैनेजर कीरन मैककेना ने कहा, “एश्ले का खेल में करियर खुद अपनी कहानी कहता है। उनके साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात रही है। पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड में और फिर इस सीजन में यहां इप्सविच में। वह हर दिन जिस तरह की प्रोफेशनलिज्म, जबरदस्त खेल भावना और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हैं, उसका इस सीजन में हमारी टीम पर बहुत गहरा असर पड़ा है। मुझे पूरा यकीन है कि वह अपने करियर का अंत, हमारी टीम को उसका लक्ष्य हासिल करने में मदद करके ही करना चाहते हैं।”