चंडीगढ़, 2 मई (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड ने राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जाखड़ ने आप के नेतृत्व को ‘केजरीवाल गिरोह’ करार दिया और कहा कि उनका गैरजिम्मेदाराना व्यवहार पंजाब के लोकतंत्र के लिए घातक साबित हो रहा है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए हर रोज नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं।
सुनील जाखड़ ने कहा, “पंजाब के सभी लोगों और विशेष रूप से केजरीवाल और उनके गिरोह को मेरा एक संदेश है, जिसे मैं आप लोगों के माध्यम से पहुंचाना चाहता हूं। ये शीश महल, जो उन्होंने बनवाए हैं, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि उनके ये कर्म उनके लिए अच्छे नहीं होंगे। भगवंत मान साहब अभी भी उनके हाथों की कठपुतली हैं।”
जाखड़ ने कहा कि लालजीत भुल्लर मामले में न्याय पाने के लिए वे सात राज्यसभा सदस्यों के हस्ताक्षर लेकर केंद्र सरकार के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे। वे स्वयं गृह मंत्री से संपर्क करेंगे और मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके।
विधानसभा में जिस हालत में मुख्यमंत्री सदन में पहुंचे और उनकी मानसिक हालत जैसी थी, उनकी कलम से अगर गलत कोई आदेश निकल गया होता तो इसका विपरीत प्रभाव पड़ता।
जाखड़ ने बताया कि वे रविवार को पंजाब के राज्यपाल से मिलेंगे और उन्हें मौजूदा राजनीतिक स्थिति और सरकार की कार्रवाइयों के बारे में पूरी जानकारी देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हालांकि वे पंजाब में राष्ट्रपति शासन के पक्षधर नहीं हैं लेकिन किसी को भी पंजाब को लूटने की छूट नहीं दी जाएगी।
जाखड़ ने रमन अरोरा और मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगियों के नामांकन पत्रों और विश्वास मत के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पर जनता का भरोसा खत्म हो चुका है और वे सुरक्षा और राजनीतिक दांव-पेच के जरिए सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वे राज्यपाल शासन के खिलाफ हैं, लेकिन वे चाहते हैं कि केजरीवाल मान की जगह किसी और को मुख्यमंत्री बनाएं।
भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को हटाने के लिए राज्यपाल से मुलाकात करेगा। कल ही इस मामले को सुलझा लिया गया होता। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व कांग्रेस मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर भी छापा मारा गया था, लेकिन वह भाजपा में शामिल नहीं हुए।
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक बार किसानों के कर्ज माफ किए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान निधि योजना के तहत हर महीने किसानों को पैसा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से सभी फसलों पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) दिया जाएगा, जैसा कि हरियाणा में दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “पंजाब की जनता को उम्मीद है कि अगर कोई पंजाब को इस दलदल से बाहर निकाल सकता है, तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी ही है। समय आने पर सभी को जवाबदेह ठहराया जाएगा।”

