बहरामपुर, 4 मई (आईएएनएस)। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस तीन बार सत्ता में रही। सरकार ने कई गलत निर्णय लिए और राज्य में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। यही कारण है कि टीएमसी को सत्ता से बाहर होना पड़ रहा है।
हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि भाजपा को टीएमसी से अधिक सीटें मिलेंगी। मैं खुश हूं कि टीएमसी की हार से खुश हूं। टीएमसी ने लोगों पर अत्याचार किया। राज्य में भ्रष्टाचार किया। इनको जवाब मिलना चाहिए था और इस बार जवाब मिल गया है।”
एजेयूपी प्रमुख ने कहा, “टीएमसी ने अपने कार्यकाल में कोई काम नहीं किया। लोगों को नौकरी नहीं मिली। सड़कों की बुरी स्थिति है। शिक्षा व्यवस्था भी बेहद खराब है। अस्पतालों में एक बेड पर ही तीन-तीन मरीजों का इलाज कर दिया जाता है। इसलिए टीएमसी को जवाब मिलना ही चाहिए था।”
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्य में आगे बढ़ती है तो उससे उन्हें कोई परेशानी नहीं है। बंगाल की जनता ने उन्हें वोट दिया है, तो भाजपा जीतेगी ही।
इस दौरान, हुमायूं कबीर ने रेजीनगर और नाओदा विधानसभा सीटों पर अपनी जीत का दावा किया। फिलहाल, वे दोनों सीटों पर आगे चल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। सोमवार को, राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से केवल 293 सीटों के लिए ही वोटों की गिनती हो रही है। चुनाव आयोग ने दोपहर 1.30 बजे तक 291 सीटों के आंकड़े दिए। रुझानों में भाजपा ने 194 सीटों पर बढ़त हासिल की है, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी 92 सीटों पर आगे है।
ऑल इंडिया सेकुलर फ्रंट को दो सीट और माकपा को एक सीट पर बढ़त है, जबकि पूरे पश्चिम बंगाल में कांग्रेस शून्य पर बनी हुई है।

