महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देकर चीन ने नव-नियुक्त राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने संभाला कार्यभार

0
10

बीजिंग, 4 मई (आईएएनएस)। चीन में भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने सोमवार को बीजिंग में चाओयांग पार्क स्थित जिंताई आर्ट म्यूजि‍यम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यभार संभाला।

चीन में भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया अकाउंट ‘एक्‍स’ पर पोस्ट किया, “विक्रम दोराईस्वामी ने सोमवार को जिंताई आर्ट म्यूजि‍यम में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करके चीन में भारत के राजदूत के रूप में अपना कार्य शुरू किया। उनके साथ म्यूजि‍यम के क्यूरेटर युआन जि‍कुन भी मौजूद थे। इसके अलावा, राजदूत ने दूतावास में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को भी श्रद्धांजलि दी।”

दोराईस्वामी रविवार को चीन में भारत के राजदूत के तौर पर अपना अगला कार्यभार संभालने के लिए बीजिंग पहुंचे थे।

दूतावास ने पहले पोस्ट में कहा, “भारत के चीन में नियुक्त राजदूत विक्रम दोराईस्वामी का बीजिंग पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है। उनका स्वागत चार्ज द’अफेयर्स एंजेलिन प्रेमलता और चीन के विदेश मंत्रालय के एशिया विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ली जियानबो ने किया।”

30 अप्रैल को दोराईस्वामी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपने नए पद के लिए आधिकारिक नियुक्ति पत्र (क्रेडेंशियल्स) प्राप्त किए।

इससे पहले, चीन ने भी उनकी नियुक्ति का स्वागत किया था और कहा था कि वह दोनों देशों के रिश्तों को बेहतर बनाने में उनकी सकारात्मक भूमिका की उम्मीद करता है।

20 मार्च को बीजिंग में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरा, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा था कि चीन दोराईस्वामी को उनके काम में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, “राजनयिक देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के अहम सेतु होते हैं। चीन भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी का स्वागत करता है और उनके काम में हर संभव सहायता देगा। हमें उम्मीद है कि वे चीन-भारत संबंधों को और बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।”

19 मार्च को भारत के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की थी कि उस समय यूनाइटेड किंगडम में भारत के हाई कमिश्नर रहे दोराईस्वामी को चीन में अगला राजदूत नियुक्त किया गया। वे अगस्त 2022 से यूनाइटेड किंगडम में भारत के हाई कमिश्नर थे और उससे पहले बांग्लादेश में भी इसी पद पर काम कर चुके हैं।

दोराईस्वामी को चीनी, फ्रेंच और थोड़ी-बहुत कोरियाई भाषा भी आती है। अपने करियर की शुरुआत में वे करीब चार साल तक बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास में काम कर चुके हैं।

1992-1993 में नई दिल्ली में अपनी इन सर्विस ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मई 1994 में दोराईस्वामी को हांगकांग स्थित भारतीय कमीशन में थर्ड सेक्रेटरी के पद पर तैनात किया गया। उन्होंने चीनी भाषा सीखी। इसके लिए उन्होंने हांगकांग की चीनी यूनिवर्सिटी के ‘न्यू एशिया येल-इन-एशिया लैंग्वेज स्कूल’ से इस भाषा में एक इलेक्टिव डिप्लोमा किया। सितंबर 1996 में उन्हें बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास में तैनात किया गया, जहां उन्होंने लगभग चार साल तक सेवा दी।