भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने असम और बंगाल में जीत की बधाई दी, विकास का नया युग बताया

0
10

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने प्रचंड बहुमत तक की यात्रा पूरी कर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लंबे शासन को चुनौती दी है, जबकि असम में पार्टी ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर हैट्रिक लगाई है। कुछ सीटों पर अंतिम दौर की काउंटिंग जारी है, लेकिन भाजपा के शीर्ष नेताओं द्वारा जीत की बधाई देने का सिलसिला जारी है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं पश्चिम बंगाल के दिव्य लोगों के प्रति इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए अपना हार्दिक आभार, असीम सराहना और सच्ची बधाई व्यक्त करता हूं। श्री चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद और हमारे मार्गदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूतियों की यह पवित्र भूमि अब शांति, समृद्धि और सुशासन के एक नए युग की साक्षी बनने के लिए तैयार है। यह ऐतिहासिक विजय पश्चिम बंगाल की अपनी पहचान, उसकी महान संस्कृति और उसके खोए हुए गौरव को पुनः प्राप्त करने का एक अमिट प्रतीक है।”

नितिन नवीन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हम ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के संकल्प को साकार करने और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अपील की, “आइए, हम सब मिलकर एक अत्यंत शक्तिशाली, पूर्णतः सुरक्षित और समृद्ध पश्चिम बंगाल के निर्माण के लिए हाथ मिलाएं।”

असम में भी भाजपा की जीत पर नितिन नवीन ने लिखा, “असम की जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त कर यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश अब विकास, शांति और समृद्धि के पथ पर दृढ़ता से अग्रसर है। यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए प्रगति और सुशासन का परिणाम है। हम असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवमयी परंपरा और अस्मिता को संजोते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर पश्चिम बंगाल की जीत को कार्यकर्ताओं के त्याग और संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने लिखा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं।”

एक अन्य पोस्ट में अमित शाह ने लिखा, “बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां कभी भूल नहीं पाएंगी। बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ पीएम मोदी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे। चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और ‘सोनार बांग्ला’ के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी।”

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने इस जीत को ‘विश्वास का उदय – बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक महाविजय’ करार दिया। उन्होंने कहा, “आज का दिन भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए भावुक पल है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व महाविजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर और टीएमसी के कुशासन, भ्रष्टाचार, टोलाबाजी, घुसपैठ, तुष्टिकरण, अराजकता व गुंडागर्दी की करारी हार है। इतिहास गवाह है कि बंगाल जब परिवर्तन ठान लेता है तो कोई भी ताकत उसे नहीं रोक पाती। गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर, बंकिम चन्द्र चटर्जी, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी जैसे महान देशभक्तों की पावन धरा ने टीएमसी के अहंकार को चूर-चूर कर पहली बार भाजपा पर भरोसा जताया है।”

उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। नड्डा ने आश्वासन दिया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ‘आमार शोनार बांग्ला’ के ध्येय से ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ बनाने को कृत-संकल्पित है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने असम की जीत पर कहा, “असम में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाकर यह साबित कर दिया है कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त एवं सक्षम नेतृत्व तथा सुशासन और विकास की राजनीति में है।” उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व की सराहना करते हुए लिखा कि राज्य ने विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण में नए आयाम स्थापित किए हैं। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए असम की जनता का अभिनंदन और हृदय से आभार। भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयास, सेवा-भाव और जमीनी जुड़ाव ने इस विजय को संभव बनाया है।

राजनाथ सिंह ने एक अन्य पोस्ट में पश्चिम बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देकर दशकों से प्रतीक्षित विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है और परिवर्तन तथा प्रगति का मार्ग चुना है।”