Wednesday, June 24, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन: गनेमत सेखों के पास फाइनल में पहुंचने का...

आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन: गनेमत सेखों के पास फाइनल में पहुंचने का गोल्डन चांस

0
32

नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। गनेमत सेखों ने इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन के पहले दिन 75 में से 70 निशाने टारगेट पर साधते हुए टॉप-8 से सिर्फ एक अंक पीछे रहते हुए मजबूत शुरुआत की। यह प्रतियोगिता सोमवार को असानोव शूटिंग क्लब में शुरू हुई।

चंडीगढ़ की इस निशानेबाज ने इसी रेंज पर तीन साल पहले रजत पदक जीता था। गनेमत सेखों भारतीय खिलाड़ियों में सबसे बेहतर स्थिति में रहीं, जो प्रतियोगिता के टॉप-8 में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई हैं। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में क्वालिफिकेशन के बाकी 50 निशाने और फाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे।

पुरुषों के इवेंट में, ओलंपियन मैराज अहमद खान ने पहली सीरीज की शुरुआत पूरे 25 प्वाइंट्स के साथ की और फिर अगली दो सीरीज में 23-23 प्वाइंट्स हासिल किए। इस तरह उन्होंने पहले दिन 71 के स्कोर के साथ समापन किया। वह फिलहाल 27वें स्थान पर हैं।

एक अन्य ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरुका ने भी अपनी पहली सीरीज में पूरे 25 प्वाइंट्स हासिल किए, लेकिन अगली दो सीरीज में वे क्रमशः 23 और 21 प्वाइंट्स ही बना पाए। इस तरह उन्होंने दिन का समापन 69 के स्कोर के साथ किया। इस प्रतियोगिता में तीसरे भारतीय खिलाड़ी और नेशनल चैंपियन गुरजोत सिंह खंगुरा ने 22, 24 और 24 की सीरीज के साथ 75 टारगेट पूरे होने पर कुल 70 प्वाइंट्स हासिल किए।

रैंकिंग प्वाइंट्स के लिए हिस्सा ले रहे भवतेग सिंह गिल और अभय सिंह सेखों ने क्रमशः 71 (24, 24, 23) और 70 (23, 24, 23) प्वाइंट्स हासिल किए।

ओलंपियन और महिला नेशनल चैंपियन रायजा ढिल्लों ने अपनी पहली तीन सीरीज में 22, 23 और 24 प्वाइंट्स हासिल करते हुए प्रतियोगिता के पहले दिन का समापन 69 के स्कोर के साथ किया। वहीं, परिनाज धालीवाल ने अपनी तीन सीरीज में 22, 21 और 23 प्वाइंट्स हासिल करते हुए कुल 66 प्वाइंट्स बनाए। रैंकिंग प्वाइंट्स के लिए मुकाबला कर रहीं वंशिका तिवारी और रश्मि राठौर ने क्रमशः 66 (24, 21, 21) और 62 (20, 21, 21) का स्कोर किया।

यह इस सीजन का दूसरा शॉटगन वर्ल्ड कप है। पहला वर्ल्ड कप अप्रैल में मोरक्को के टैंजियर में आयोजित हुआ था, जहां भारतीय एथलीट कोई भी मेडल हासिल नहीं कर सके थे।