नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली जीत पर खुशी जताई।
उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, आतंक, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को पूरी तरह से नकार दिया है। सुशासन की सरकार बनने जा रही है। बंगाल की जनता ने हमें उम्मीदों के साथ चुना है। हम कोशिश करेंगे कि उन उम्मीदों पर खरे उतर सकें। हमने बंगाल की जनता से जो भी वादा किया है, उसे हर हाल में पूरा करेंगे, चाहे वह यूसीसी से जुड़ा मुद्दा हो या महिला आत्मसम्मान से। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि हमने जो भी वादा बंगाल की जनता से किया है, उसे पूरा करने की दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है। हम आगामी दिनों में बंगाल में डबल औद्योगिक हब बनाने जा रहे हैं। हमने इसकी पूरी रूपरेखा निर्धारित कर ली है, जिसे जल्द ही जमीन पर उतारने की दिशा में हम काम करेंगे और सभी काम उसी के अनुरूप करेंगे।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस की दुर्गति किसी से छुपी नहीं है। अगर केरलम की बात करें तो वहां पर भी केरल मुस्लिम लीग का सहारा लेकर अपनी सरकार बनाती हुई दिख रही है। कांग्रेस का इतिहास ही मुस्लिम लीग के साथ सरकार बनाने का रहा है। ऐसी स्थिति में अब उसे कोई भी पूछने वाला नहीं है। साथ ही, ऐसी खबर आई है कि एक तरफ जहां पांच राज्यों के चुनावी नतीजे सामने आ रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विदेशी धरती पर छुट्टी मनाने के लिए गए हैं। वो कल मस्कट में देखे गए। ऐसी स्थिति में आगे चलकर कांग्रेस का भविष्य कैसा रहेगा, यह बात किसी से छुपी नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि अब कांग्रेस की पार्ट टाइम पॉलिटिक्स का अंत होने जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति का जो बार सेट किया है, उसे नया विस्तार मिलने जा रहा है।
साथ ही, उन्होंने असम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि असम में हम लोग तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। पुडुचेरी में हम पुन: सरकार बना रहे हैं। ऐसी स्थिति में कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि लोगों को प्रधानमंत्री पर भरोसा है। उनकी प्रतिबद्धता और कार्यशैली पर भरोसा है। लोगों को पता है कि प्रधानमंत्री कभी भी उनके हितों के साथ किसी भी प्रकार का कुठाराघात नहीं कर सकते हैं। इसी को देखते हुए आज की तारीख में भाजपा के लिए स्थिति अनुकूल होती जा रही है।
इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस नेता तारिक अनवर के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा था कि कांग्रेस को मौजूदा समय में आत्ममंथन करने की जरूरत है। इस पर भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि ये लोग आत्ममंथन कहां करेंगे। इन लोगों को आत्ममंथन करने के लिए मस्कट में शिफ्ट होना होगा। आधे से ज्यादा समय विदेश में बिताने वाले लोग कहां आत्ममंथन करेंगे। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि यह परिवारवाद की राजनीति को खत्म करने वाला जनादेश है।
उन्होंने दावा किया कि आज की तारीख में जिस किसी ने भी परिवारवाद की राजनीति को हवा देने की कोशिश की, वो शून्य हो गए। ममता बनर्जी ने जब अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी को राजनीति में स्थापित करने की कोशिश की, तो उन्हें शून्य कर दिया गया। आज लोगों का भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की राजनीति पर है, ना कि उस पर है कि किसी का चाचा राजनीति में है। अब परिवारवाद की राजनीति के खात्मे का समय आ चुका है। ए
इसके अलावा, उन्होंने उमर अब्दुल्ला के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता है कि वो किस संदर्भ में ये बयान दे रहे थे। हो सकता है कि वो कांग्रेस के बारे में बोल रहे हों। अब ये वही बता सकते हैं कि आखिर वो ये बयान किस संदर्भ में दे रहे थे। लेकिन, मैं उन्हें भी यह चेतावनी देना चाहता हूं कि अब परिवारवाद की राजनीति खत्म हो चुकी है।
वहीं, उन्होंने तमिलनाडु के चुनावी नतीजों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमें लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी नतीजों को स्वीकार करना चाहिए। ऐसी स्थिति में हम तमिलनाडु के चुनावी नतीजों को स्वीकार करते हैं और टीवीके के नेता विजय को शुभकामनाएं देते हैं। हमें उम्मीद है कि वो एक सकारात्मक मानसिकता के साथ काम करेंगे। इसके अलावा, एक और काम तमिलनाडु की जनता ने किया, वो यह है कि सनातन का अपमान करने वालों को तीसरे नंबर की पार्टी बना दिया। इन लोगों ने सनातन धर्म की तुलना कोरोना से की थी।

