‘ताकत नहीं, जिम्मेदारी है’, सुविंदर विक्की ने बताई ‘अल्फा’ की परिभाषा

0
10

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। पंजाबी सिनेमा जगत को एक से बढ़कर एक फिल्में देने वाले अभिनेता सुविंदर विक्की बॉलीवुड में भी अपनी जड़े जमा चुके हैं। अभिनेता हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ में अपने दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस बीच अभिनेता ने बताया कि अल्फा होने का मतलब ताकत दिखाना या दूसरों पर कंट्रोल करना नहीं है, बल्कि परिवार की जिम्मेदारी निभाना और सबको साथ लेकर चलना है।

अभिनेता के किरदार में अल्फा यानी जिम्मेदारी, विश्वसनीयता और लीडरशिप दिखाई देगी। ऐसे में वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बात करते हुए सुविंदर विक्की ने अल्फा शब्द को सरल और भावुक तरीके से परिभाषित किया। उन्होंने बताया, “मैंने इस टैग को अपना लिया है। परिवार का मुखिया होना, घर के खर्चों का इंतजाम करना, बच्चों की देखभाल करना, पत्नी के लिए चीजें खरीदना और पूरे परिवार को साथ लेकर चलना, मेरे हिसाब से यही अल्फा होने का मतलब है।”

अभिनेता के अनुसार असली सफलता परिवार को खुश रखने में छिपी है। उन्होंने कहा, “अगर आपका परिवार आपसे खुश है, तो आप भी खुश हैं। माता-पिता खुश हैं और लोग आपके काम की सराहना करते हैं तो यही असली अल्फा और सफलता है।”

सुविंदर विक्की का मानना है कि आज के समय में युवाओं के लिए ये सोच खास मायने रखता है, जब अक्सर गलत तरीके से “अल्फा” होने को ताकत के साथ जोड़कर देखा जाता है।

अपने करियर में सुविंदर विक्की ने हर किरदार में गहराई लाने की कोशिश की है। ‘ग्लोरी’ में भी उन्होंने एक मजबूत और जिम्मेदार किरदार निभाया है, जिसे लेकर उनका मानना है कि सीरीज में उनके किरदार की सोच उनकी असली सोच से मेल खाता है। सुविंदर विक्की का स्पष्ट मानना है कि अल्फा पुरुष वह नहीं जो सबसे ताकतवर दिखे, बल्कि वह जो अपने परिवार का सबसे बड़ा सहारा बने।

सुविंदर विक्की की नई सीरीज ‘ग्लोरी’ बॉक्सिंग की क्रूर और प्रतिस्पर्धी दुनिया पर आधारित है। इसमें सुविंदर विक्की के साथ पुलकित सम्राट, दिव्येंदु, आशुतोष राणा, सिकंदर खेर, सयानी गुप्ता, यशपाल शर्मा, जन्नत जुबैर, कुणाल ठाकुर और कश्मीरा परदेशी जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

सीरीज की कहानी ओलंपिक मेडल की उम्मीद निहाल सिंह की रहस्यमयी मौत से शुरू होती है। यह बॉक्सिंग की अंदरूनी दुनिया, संघर्ष और ऊंचे दांव को दिखाती है। करण अंशुमन और कर्मण्य आहूजा निर्देशित यह सीरीज 1 मई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।