ओटीटी पर सैफ अली खान का दिखेगा नया अवतार, रसिका दुग्गल संग पहली बार जमेगी जोड़ी

0
4

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। अभिनेता सैफ अली खान की क्राइम थ्रिलर ‘कर्तव्य’ ओटीटी पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। फिल्म में सैफ एक ऐसा किरदार निभाते नजर आएंगे, जो अपने पेशेवर ‘कर्तव्य’ और ‘परिवार’ के बीच बुरी तरह फंसा हुआ है।

फिल्म में अभिनेता पहली बार रसिका दुग्गल के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।

अभिनेत्री रसिका अपनी बेहतरीन अदाकारी और संजीदा किरदारों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने फिल्म में सैफ अली खान के साथ काम करने के अपने अनुभव को ‘शानदार’ बताया। उन्होंने सैफ की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना बेहद सहज और मजेदार रहा।

उन्होंने सैफ के व्यक्तित्व पर रोशनी डालते हुए कहा, “सेट पर एक ऐसा सह-कलाकार मिलना वाकई सुखद होता है, जिसका सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल का हो। सैफ के साथ काम करना मनोरंजन से भरपूर था। वह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि एक बहुत अच्छे इंसान भी हैं।”

रसिका ने फिल्म जगत में सैफ अली खान के लंबे और सफल करियर की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि आज के समय में, जहां प्रतिस्पर्धा इतनी अधिक है, वहां 30 साल से ज्यादा समय तक खुद को प्रासंगिक बनाए रखना कोई छोटी बात नहीं है। सैफ ने समय के साथ खुद को लगातार बदला है और हर बार एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने आए हैं। यही कारण है कि वह आज भी इंडस्ट्री के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में गिने जाते हैं।

पुलकित द्वारा निर्देशित फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले गौरी खान द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। यह ड्रामा फिल्म एक पुलिस ऑफिसर (जिसका किरदार सैफ निभा रहे हैं) के सफर को दिखाएगी, जो अपनी ड्यूटी के बोझ और अपने परिवार की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाते हुए बढ़ते खतरों का सामना करता है। यह फिल्म एक ऐसी क्राइम थ्रिलर है, जो मानवीय संवेदनाओं और कानून के बीच के संघर्ष को दर्शाती है।

फिल्म में सैफ और रसिका के अलावा संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म 15 मई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है।