Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth भारतीय सेना में शामिल होने का मौका: सीएसबीओ के 190 पदों पर...

भारतीय सेना में शामिल होने का मौका: सीएसबीओ के 190 पदों पर भर्ती जारी, 31 मई तक करें आवेदन

0
37

पणजी, 6 मई (आईएएनएस)। देश की सेवा करने का जुनून रखने वाले युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का एक शानदार अवसर है। इंडियन आर्मी ने सीएसबीओ (सिविलियन स्विच बोर्ड ऑपरेटर), ग्रेड-II, ग्रुप ‘सी’ के कुल 190 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्तियों के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों में यूआर के 94, ईडब्ल्यूएस के 19, एससी के 22, एसटी के 12, और ओबीसी के 43 पद शामिल हैं।

भारतीय सेना की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 2 मई से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से मैट्रिक या समकक्ष योग्यता और प्राइवेट बोर्ड एक्सचेंज (पीबीएक्स) बोर्ड को संभालने में कम से कम 6 महीने का अनुभव होना चाहिए। वहीं, अंग्रेजी और हिंदी में धाराप्रवाह बोलने की क्षमता वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 21 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, प्रैक्टिकल टेस्ट, इंटरव्यू, मेडिकल टेस्ट, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 21,700 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए ऑफिशियल ईमेल आईडी पर मेल कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

वहीं, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरा करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘कमांडेंट, मुख्यालय, 2 सिग्नल प्रशिक्षण केंद्र, पणजी (गोवा) – 403001’ पते पर तय लास्ट डेट तक डाक करना होगा।