आईपीएल 2026: कॉनली का शतक बेकार, पीबीकेएस को 33 रन से हराकर शीर्ष पर एसआरएच

0
6

हैदराबाद, 6 मई (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान हासिल कर लिया है। इस टीम ने बुधवार को सीजन के 49वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ 33 रन से जीत दर्ज की।

11 में से 7 मैच जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद 2 स्थान की छलांग के साथ प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि लगातार तीसरा मैच गंवाने के बाद पंजाब किंग्स लुढ़ककर दूसरे पायदान पर आ गई है। इस टीम ने 10 में से 6 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 4 विकेट खोकर 235 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड के साथ 21 गेंदों में 54 रन की साझेदारी की। अभिषेक 13 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए।

एसआरएच 84 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। यहां से ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। ईशान 32 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे।

नितीश रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 63 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। क्लासेन 43 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नितीश रेड्डी ने 13 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 29 रन बनाए। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक ने 1-1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में पंजाब किंग्स निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पीबीकेएस ने 1.1 ओवरों में महज 4 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे।

इसके बाद कूपर कॉनली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (5) के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 रन जोड़े, जबकि मार्कस स्टोइनिस (28) के साथ 20 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। इस टीम को 63 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद कॉनली ने सूर्यांश शेडगे के साथ पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जोड़कर टीम को परेशानी से निकालने की कोशिश की। सूर्यांश ने 17 गेंदों में 25 रन की पारी खेली।

कूपर कॉनली ने 19.4 ओवर में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कॉनली 59 गेंदों में 8 छक्कों और 7 चौकों के साथ 107 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से शिवांग कुमार और पैट कमिंस ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि नितीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हसन ने 1-1 विकेट निकाला।