पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडों का अच्छे से इलाज किया जाएगा: शाहनवाज हुसैन

0
4

पटना,7 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार पर खुशी जताई। आईएएनएस से बातचीत में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार से ही विजय पताका फहराकर प्रधानमंत्री मोदी बंगाल और असम गए थे, जहां बड़ी सफलता मिली है। ऐसे में जितना स्वागत बंगाल में होगा, उससे कम स्वागत बिहार में नहीं होगा। उनके नेतृत्व में हर जगह भाजपा की सरकार बन रही है।

ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को ऐसा जवाब मिला था कि वह उसे कभी नहीं भूल सकेगा। पाकिस्तानियों को यह पीड़ा हमेशा याद रहेगी। इसके बाद से पाकिस्तान की ओर से ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्हें पता चल गया है कि पीएम मोदी छोड़ने वाले नहीं हैं।

पश्चिम बंगाल में हिंसा और हत्या पर उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या दुखद है। टीएमसी के गुंडों का इलाज करने वाली सरकार आ गई है। उनका अच्छे से इलाज किया जाएगा।

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में आमंत्रित कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों पर कहा कि लोगों को कभी-कभी अपनी समझ के अनुसार बोलना पड़ता है। कभी वे स्वेच्छा से बोलते हैं तो कभी विवश होकर। इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। वे जो चाहें कह सकते हैं लेकिन वर्तमान व्यवस्था यह दिखाती है कि हिंदू धर्म और धर्म की विजय हुई है। जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। मैं सभी राजनेताओं से, चाहे वे किसी भी दल के हों, निवेदन करता हूं कि वे अपनी-अपनी विचारधारा का पालन करें, लेकिन सनातन धर्म का अपमान न करें।

उन्होंने कहा कि यह प्रजातंत्र है, राजतंत्र नहीं। ममता बनर्जी अपने कार्यों के कारण हारी हैं। मुझे राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन फर्क तब पड़ता है जब रामनवमी को नजरअंदाज किया जाता है और दुर्गा अष्टमी पर मां दुर्गा की उपेक्षा की जाती है। कई मंदिर बंद कर दिए गए।

उन्होंने कहा कि जिसने-जिसने धर्म को नजरअंदाज किया है, लोगों ने उसे किनारे कर दिया। ममता बनर्जी को धर्म ने हराया है। उन्हें विपक्ष में बैठकर लोगों का दिल जीतने की कोशिश करनी चाहिए।

वहीं, बिहार मंत्रिमंडल विस्तार समारोह को लेकर जदयू विधायक रत्नेश सदा ने कहा कि यह नीतीश कुमार की कृपा है। उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया है। एक महादलित पुत्र को एक बार फिर जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके लिए मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।