Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: एलएसजी के खिलाफ टॉस जीतकर आरसीबी ने चुनी गेंदबाजी, चोटिल...

आईपीएल 2026: एलएसजी के खिलाफ टॉस जीतकर आरसीबी ने चुनी गेंदबाजी, चोटिल मोहसिन-इंग्लिस बाहर

0
23

लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की भिड़ंत गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हो रही है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

आरसीबी ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान रजत ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह चिन्नास्वामी जितनी तेज पिच नहीं है, लेकिन फिर भी तेज है। सतह अच्छी लग रही है और हम उन्हें कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करेंगे। ब्रेक अच्छा था। हर कोई अच्छा कर रहा है और हमने कुछ कड़ी प्रैक्टिस की है। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।”

एलएसजी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। मोहसिन खान, जोश इंग्लिस और आवेश खान चोट के कारण यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। टॉस हारने के बाद कप्तान पंत ने कहा, “हमारी टीम में कुछ बदलाव हुए हैं। चोट के कारण इंग्लिस, आवेश और मोहसिन खान बाहर हैं। हम जानते हैं कि हम एक टॉप टीम हैं, लेकिन सबसे जरूरी बात स्पष्टता है। हमने बैटिंग ऑर्डर में कुछ बदलाव किए हैं। एक स्थिर माहौल होना जरूरी है, लेकिन हमें कभी-कभी बदलाव करने की जरूरत होती है। यह 180-190 का विकेट लग रहा है, ज्यादातर दूसरे मुकाबलों से बेहतर विकेट।”

आरसीबी ने इस सीजन अब तक कुल 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 6 में जीत मिली है। वहीं, 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। आखिरी मुकाबले में आरसीबी को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। बल्लेबाजी में विराट कोहली इस सीजन भी शानदार लय में दिखाई दिए हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल भी बल्ले से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। स्पिन विभाग में क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा भी कारगर साबित हुए हैं।

दूसरी तरफ, आईपीएल 2026 में 9 में से सिर्फ 2 जीत दर्ज करने के बाद एलएसजी अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर मौजूद है। लखनऊ सुपर जायंट्स को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए इस मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम के गेंदबाज 229 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और आवेश खान काफी महंगे साबित हुए थे। हालांकि, निकोलस पूरन इस सीजन में पहली बार अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 21 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, मिचेल मार्श ने 25 गेंदों में 44 रनों का योगदान दिया था।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम दार और जोश हेजलवुड।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: मिचेल मार्श, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव।

आईएएनएस

एसएम/डीकेपी