नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम 10 मुकाबलों में से सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर सकी है। भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि कुलदीप यादव की खराब फॉर्म और मिचेल स्टार्क की शुरुआती मुकाबलों में गैरमौजूदगी टीम को भारी पड़ी है।
इरफान ने ‘जियोहॉटस्टार’ के वर्चुअल राउंड टेबल में ‘आईएएनएस’ से बात करते हुए कहा, “देखिए, मुझे लगता है कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो बातें बड़ी वजह रही हैं। पहला, मुझे लगता है कि फैसले बेहतर हो सकते थे। अगर हम पिछले मुकाबले की बात करें, तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना और यह सोचना कि बाद में कंडीशन बेहतर हो जाएगी, एक दिक्कत थी। खासकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच हुआ था उसी मैदान पर वह पहले बल्लेबाजी कर रहे थे और 75 रन पर आउट हो गए थे। उस दिन भी मौसम की दिक्कत थी और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में भी बारिश हुई और मौसम खराब होने की आशंका थी। आप वहां चेज करना चाहते हैं और आपने टॉस भी जीता था। मुझे लगता है कि सही फैसले लेने में भी चूक हुई।”
पठान ने कहा कि मिचेल स्टार्क की शुरुआती मुकाबलों में गैरमौजूदगी भी टीम को भारी पड़ी। उन्होंने कहा, “फिर मिचेल स्टार्क की उपलब्धता और सीजन की शुरुआत में उनका नहीं होना, यह एक समस्या थी। हालांकि, मुझे लगता है कि वे अपने संसाधन का बेहतर इस्तेमाल कर सकते थे। दूसरा, कुलदीप यादव का फॉर्म में नहीं होना, यह दिल्ली के लिए एक बड़ी समस्या है क्योंकि आप उन पर निर्भर करते हैं, है ना? खासकर स्पिनर्स की मददगार पिच पर। अगर ऐसी पिच पर भी आप रन देते हैं और विकेट भी नहीं लेते हैं, तो यह चिंता की बात है।”
उन्होंने आगे कहा, “देखिए, वह बहुत अच्छे गेंदबाज हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है। हालांकि, अगर आप 10 रन प्रति ओवर से ऊपर देते हैं, तो यकीनन टीम बतौर मुख्य स्पिनर आपसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। दिल्ली कैपिटल्स अगर अपनी काबिलियत के हिसाब से खेलती, तो उन्हें बेहतर नतीजे मिलते।”

