बाबर आजम के घुटने में चोट, नहीं खेलेंगे बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच

0
6

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी दिग्गज बाबर आजम घुटने की चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच नहीं खेल सकेंगे। यह मैच शुक्रवार से ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, टीम मैनेजमेंट की तरफ से जारी बयान में यह स्पष्ट नहीं है कि बाबर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं या नहीं?

बाबर आजम की गैरमौजूदगी से पाकिस्तान के मिडिल ऑर्डर में एक खाली जगह बन गई है, जिसे भरने के लिए संभवतः डेब्यूटेंट को मौका देना पड़ेगा। शीर्ष-3 बल्लेबाजों में इमाम-उल-हक, शान मसूद और आजम अवैस या अब्दुल्ला फजल में से कोई एक शामिल होगा।

बाबर की गैरमौजूदगी में दोनों खिलाड़ियों को टॉप-4 में मौका मिल सकता है, या फिर निचले क्रम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अमाद बट के लिए जगह बन सकती है, जिससे मोहम्मद रिजवान या सऊद शकील को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा सकता है।

बाबर आजम फॉर्म में वापस लौटते नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बीच उनकी चोट पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है। 31 वर्षीय बल्लेबाज हाल ही में खत्म हुई पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। इस लीग में उन्होंने पेशावर जाल्मी को बतौर कप्तान खिताब जिताया। इस सीजन पीएसएल में बाबर ने 11 मुकाबले खेलते हुए 73.50 की औसत के साथ 588 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक निकले।

बाबर आजम पेशावर जाल्मी की पीएसएल में खिताबी जीत के कुछ घंटों बाद सोमवार को बांग्लादेश पहुंचे थे। उन्होंने बगैर किसी परेशानी के दो दिनों तक टीम के साथ अभ्यास किया, लेकिन गुरुवार सुबह जब सोकर उठे, तो बाएं घुटने में दर्द महसूस किया। ऐसे में मेडिकल टीम ने उन्हें पहले टेस्ट से बाहर रखने का फैसला किया है। यह जनवरी 2021 के बाद पहला ऐसा ‘अवे’ टेस्ट मैच होगा जिसे बाबर मिस करेंगे।

बीते एक दशक से बाएं हाथ का यह बल्लेबाज टेस्ट टीम का अहम हिस्सा रहा है। भले ही उन्हें साल 2024 के आखिर में इंग्लैंड के खिलाफ 2 टेस्ट मुकाबलों के लिए बाहर कर दिया गया, लेकिन जल्द ही टीम में वापसी हुई।

यह मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में पाकिस्तान की पहली विदेशी टेस्ट सीरीज होगी। टीम अब तक दो टेस्ट मैच खेल चुकी है, जो घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का हिस्सा थे, जिसमें एक मैच जीता और एक गंवाया। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पिछली टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसके घर में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच 8 मई से ढाका में शुरू होगा, जबकि अगला मुकाबला सिलहट में 16 मई से खेला जाएगा।