पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल का सर्वांगीण विकास होगा: वीरेंद्र सचदेवा

0
6

ऋषिकेश, 8 मई (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन को लेकर कहा कि बंगाल में पीएम मोदी के नेतृत्व में सर्वांगीण विकास होगा।

ऋषिकेश में आईएएनएस से बातचीत में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बंगाल की भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदेश की जनता से चुनाव के दौरान किया गया वादा पूरा किया जाए। हमारी सरकार सभी को साथ लेकर चलेगी और एक बेहतर सरकार देगी, जहां सिर्फ सुशासन ही होगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होना हमारे लिए बहुत खास है। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती पर जिस विचार को उन्होंने जन्म दिया था, आज उनकी शहादत को भी हम सलाम करते हैं, कि आज वह विचार उस धरती पर पूरा हो रहा है। हर कार्यकर्ता के लिए भावनात्मक वह दिन है।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बंगाल जो विकास की दृष्टि से बहुत पिछड़ गया था जो कुशासन और घुसपैठ के लिए जाना जाता था। उसे विकास की पटरी पर लाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब उस बंगाल का सर्वांगीण विकास होगा।

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को एक अच्छी सरकार देने के लिए हमारे हमारे सभी कार्यकर्ता प्रतिबद्ध हैं और हम बंगाल की जनता को यह आश्वासन देना चाहते हैं कि हमारा बंगाल सुंदर, सोनार बंगाल बनेगा। इसके साथ ही साथ बंगाल के हर व्यक्ति को उसका अधिकार मिलना चाहिए। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी काम करेगी।

सचदेवा ने कहा कि यह हमारे लोकतंत्र की खूबसूरती है कि हर क्षेत्र के लोग अपने फैसले खुद लेते हैं, और इसे स्वीकार किया जाना चाहिए। पांच राज्यों में से, हम बंगाल में सरकार बनाने में सफल रहे हैं। असम में, तीसरी बार सरकार बनी है। पुडुचेरी में, दूसरी बार सरकार बनी है। तमिलनाडु और केरल में, भारतीय जनता पार्टी को पहले के मुकाबले ज़्यादा समर्थन मिला है।

बताते चलें कि बंगाल चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 9 मई को भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है।