चतरा में बिजली-पानी संकट पर भाजपा का ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन, सरकार की नीतियों पर जताया रोष

0
6

चतरा, 8 मई (आईएएनएस)। झारखंड में गहराते बिजली और पानी के संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राज्यव्यापी आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को चतरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। ‘

मटका फोड़’ प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और उग्र होगा।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मटके फोड़कर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली की कटौती और पेयजल की किल्लत को लेकर जमकर नारेबाजी की।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित कुमार ने कहा कि राज्य के ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में पानी को लेकर त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बहन-बेटियां मटके लेकर घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।

सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास और जिला भाजपा अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के हालिया धरना-प्रदर्शन पर कड़ा तंज कसा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनसरोकार के मुद्दों पर आंदोलन और ‘ड्रामे’ में फर्क होता है। उन्होंने झामुमो पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है और उसके नेता लोगों को गुमराह करने में लगे है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि आम जनता की पीड़ा और आक्रोश की आवाज है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने चेतावनी दी है कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के बजाय तुरंत बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे, अन्यथा पार्टी सड़क से सदन तक सरकार को घेरने का काम करेगी।