पंजाब में हुए धमाके केंद्र सरकार की विफलता, गृह मंत्री को जवाब देना चाहिए : प्रियंका चतुर्वेदी

0
7

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। पंजाब के जालंधर व अमृतसर में हुए धमाके को लेकर राजनीति जारी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस धमाके के पीछे भाजपा की साजिश करार दिया था। इसी कड़ी में शिवसेना (यूबीटी) की पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने पंजाब में हुए दो बम धमाकों को बेहद चिंताजनक बताया और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “केंद्र सरकार एक तरफ ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पूरे विश्व को बता रही है, लेकिन पहलगाम हमले का मुख्य आरोपी कौन था और उस पर क्या कार्रवाई हुई, इसका जवाब आज तक नहीं मिला है। अगर पंजाब में आईएसआई धमाका कराता है तो ये चिंता का विषय है। इस मामले को गृह मंत्री अमित शाह को देखना चाहिए, लेकिन वह पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री बनाने में व्यस्त हैं।”

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “भगवंत मान जो कह रहे हैं, वह अलग है लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार रहते हुए पंजाब में आईएसआई की ओर से धमाका कराया जाता है तो गृहमंत्री की जिम्मेदारी और जवाबदेही बनती है।”

शिवसेना नेता ने पूछा, क्या गृह मंत्रालय के पास धमाके की खुफिया जानकारी थी? अगर जानकारी थी तो क्या पंजाब सरकार से साझा की गई? क्या सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी? इन सभी सवालों का जवाब केंद्र सरकार को देना चाहिए।

तमिलनाडु में सरकार गठन पर प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए विजय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि वे पार्टी प्रमुख हैं। विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होता है। अगर कुछ साबित करना है, तो विधानसभा में ही साबित करना होगा। यह राज्यपाल की जिम्मेदारी है और यह संवैधानिक आदेश है कि सबसे बड़ी पार्टी को निमंत्रण दिया जाए, लेकिन राज्यपाल के कार्यालय का इस्तेमाल कर विधायकों की खरीद-फरोख्त का माहौल बनाया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में तमिलनाडु की जनता का गुस्सा राज्यपाल पर फूटेगा।”