नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी द्वारा ‘वंदे मातरम’ को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ का विरोध करने वाले लोग बौद्धिक रूप से बेईमान और दिवालिया हैं।
चुघ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान ओवैसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की आजादी, राष्ट्रप्रेम और बलिदान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पिछले 150 वर्षों से भारत के राष्ट्रभक्त, क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी और सत्याग्रही गर्व के साथ ‘वंदे मातरम’ गाते आए हैं।
तरुण चुघ ने कहा कि अनेक क्रांतिकारियों ने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए फांसी के फंदे को चूमा और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम देश की आजादी का मंत्र है और क्रांतिकारियों का जयघोष है।”
तरुण चुघ ने ओवैसी के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि जो लोग ‘वंदे मातरम’ का विरोध करते हैं, वे बौद्धिक रूप से बेईमान और दिवालिया हैं। उन्होंने इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ उद्घोष के दौरान सम्मान में खड़े होना हर भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय प्रतीकों को राजनीति या धार्मिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह देश की एकता और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का हिस्सा है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण चुघ ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान अपनी सरकार की नाकामी और अयोग्यता से जनता का ध्यान हटाने के लिए लगातार झूठे आरोप और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं।
चुघ ने कहा कि पंजाब में बम धमाकों, बढ़ते गैंगस्टर नेटवर्क, नशे के कारोबार और माफिया गतिविधियों पर सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और पंजाब के संसाधनों की खुली लूट हो रही है, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
भाजपा महासचिव ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले कृषि क्रांति और किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने दावा किया कि किसानों को न तो अतिरिक्त सहायता मिली और न ही फसलों के लिए प्रभावी समर्थन मूल्य सुनिश्चित किया गया। चुघ ने कहा कि आज पंजाब का युवा, किसान, महिलाएं और गरीब वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
तरुण चुघ ने पंजाब में कथित जमीन घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी आम आदमी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि “जो लोग कल तक ईमानदारी के सर्टिफिकेट बांटते थे, वे आज पूरी तरह बेईमान साबित हो रहे हैं।”
उन्होंने नकली जमीन दस्तावेजों, सीएलयू मंजूरियों और भारी मात्रा में नकदी मिलने के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल किसी एक बिल्डर का मामला नहीं, बल्कि पंजाब में जमीन लूट के बड़े नेटवर्क का खुलासा है।
चुघ ने आरोप लगाया कि पंजाब दो हाथों से लूटा जा रहा है। एक तरफ दिल्ली से जुड़े लोग राज्य को लूट रहे हैं और दूसरी तरफ पंजाब की जनता द्वारा चुने गए विधायक और मंत्री भी भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
वहीं, इंडिया ब्लॉक में बढ़ते मतभेदों और राहुल गांधी के खिलाफ उठ रही आवाजों को लेकर भी तरुण चुघ ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को भारतीय राजनीति में सबसे बड़ा अवसरवादी बताते हुए कहा कि वह क्षेत्रीय दलों के सहारे राजनीति करते हैं, लेकिन बाद में उन्हीं सहयोगियों को नुकसान पहुंचाते हैं।
चुघ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति के कारण विपक्षी गठबंधन में लगातार टकराव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में कांग्रेस और उसके सहयोगियों के बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। भाजपा नेता ने दावा किया कि देशभर में कांग्रेस एक बंटी हुई, टूटी हुई और मानसिक रूप से दिवालिया पार्टी के रूप में दिखाई दे रही है।

