Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चाड में 20 दिन का आपातकाल लागू, बोको हरम के हमलों के...

चाड में 20 दिन का आपातकाल लागू, बोको हरम के हमलों के बाद सुरक्षा कड़ी

0
21

एन’डजामेना, 8 मई (आईएएनएस)। चाड ने लेक प्रांत में बोको हरम के हमलों के बाद 20 दिनों के लिए आपातकाल लागू कर दिया है। ये हमले बोको हरम के लड़ाकों ने सैनिकों पर किए थे।

देश की सेना की ओर से गुरुवार देर रात जारी बयान के अनुसार, यह आपातकाल सात मई की आधी रात से शुरू होकर 27 मई की आधी रात तक रहेगा।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, बयान में अधिकारियों और सुरक्षा बलों से कहा गया है कि इस दौरान लोगों और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए ‘हर जरूरी कदम’ उठाए जाएं।

बयान में यह भी कहा गया है कि आपातकाल के दौरान बनाए गए नियमों का उल्लंघन करने पर कानून के अनुसार सजा दी जाएगी। यह भी बताया गया कि यह सभी उपाय आपातकाल खत्म होते ही अपने आप समाप्त हो जाएंगे।

सोमवार को बोको हरम के हमले में चाड देश के 23 सैनिक मारे गए और 26 घायल हो गए थे। यह हमला लेक चाड प्रांत में बारका टोलोरोम नाम के एक आइलैंड पर बने सैन्य बेस पर हुआ था।

राष्ट्रपति महामत इद्रिस डेबी इट्नो ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर कहा कि वह सैनिकों के अस्पताल जाकर उनसे मिले और देश की तरफ से गहरी संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के जल्दी ठीक होने की भी कामना की।

सेना के प्रवक्ता इस्साखा अचेख चानाने ने बताया कि यह हमला सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ था।

बुधवार को भी एक और हमले की खबर स्थानीय मीडिया में आई, लेकिन उसमें कितने लोग हताहत हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

लेक प्रांत, लेक चाड क्षेत्र में आता है और यह नाइजीरिया, नाइजर और कैमरून से जुड़ा हुआ है। यह इलाका अक्सर बोको हरम और उसके अलग हुए गुट आईएसडब्ल्यूपी (इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस) के हमलों का सामना करता रहा है।

बोको हरम पिछले दस साल से ज्यादा समय से लेक चाड बेसिन में सक्रिय है और इसने इस पूरे क्षेत्र में भारी जान-माल का नुकसान पहुंचाया है।