सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर भाजपा नेताओं ने कहा, पश्चिम बंगाल में बदलाव की शुरुआत

0
3

कोलकाता, 8 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सुवेंदु अधिकारी के चुने जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाया और इसे राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव की शुरुआत बताया।

भाजपा के निर्वाचित विधायक देबाशीष धर ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफी संघर्ष और कठिनाइयों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि अब कार्रवाई और बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाए।

देबाशीष धर ने कहा कि उनके लिए यह एक “नैतिक जीत” है। उन्होंने दावा किया कि 2021 के बाद राज्य प्रशासन ने उन्हें लगातार परेशान किया, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखा।

भाजपा के निर्वाचित विधायक स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक उपहास और उत्पीड़न सहा, लेकिन अंततः जनता ने भाजपा को समर्थन दिया।

भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने इसे “खुशी का दिन” बताते हुए कहा कि सभी को मिलकर “सोनार बांग्ला” के निर्माण के लिए काम करना चाहिए।

भाजपा विधायक सजल घोष ने कहा कि छात्र राजनीति से लेकर आज तक उनका और सुवेंदु अधिकारी का साथ रहा है और अब उनका मुख्यमंत्री बनना गर्व का क्षण है।

भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा ने महिलाओं की सुरक्षा को नई सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और भाजपा सरकार इस दिशा में कड़े कदम उठाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ का समारोह ऐतिहासिक होगा, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे।

भाजपा विधायक चंद्र शेखर बनर्जी ने कहा कि वह 1997 से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए हैं और इतने लंबे समय बाद उनके मुख्यमंत्री बनने से कार्यकर्ताओं में अपार खुशी है।

भाजपा विधायक बंकिम चंद्र घोष ने कहा कि सभी विधायकों ने एकजुट होकर सुवेंदु अधिकारी का समर्थन किया और उनके मुख्यमंत्री बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के पति शेखर रंजन देबनाथ ने कहा कि पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को सबसे उपयुक्त उम्मीदवार मानते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

पूर्व क्रिकेटर और भाजपा विधायक अशोक डिंडा ने कहा कि वह लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी को जानते हैं और उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मजबूती से संघर्ष किया है।

उत्तर प्रदेश की पूर्व ट्रांसजेंडर राज्य मंत्री सोनम किन्नर ने कहा कि किन्नर समुदाय ने पश्चिम बंगाल में भाजपा का समर्थन किया है और सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने पर समुदाय में खुशी है।

भाजपा विधायक रेखा पात्रा ने कहा कि राज्य को ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए था जो महिलाओं और हिंदुओं के हितों की रक्षा कर सके।