बिहार: भागलपुर में बरारी घाट पर सामुदायिक रसोई की शुरुआत, 50 रुपए में भरपेट भोजन

0
5

भागलपुर, 9 मई (आईएएनएस)। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर भागलपुर से नवगछिया एवं नवगछिया से भागलपुर आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बरारी घाट पर जीविका दीदी की सामुदायिक रसोई प्रारंभ करा दिया गया है। जहां 50 रुपए में भरपेट भोजन कराया जा रहा है।

सरकार द्वारा निःशुल्क नाव सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त सब्जी, केला एवं दूध जैसे कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए दो बड़ी नावों की भी निःशुल्क व्यवस्था की गई है।

किसानों एवं व्यवसायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न समयों पर सुबह 5:00 बजे एवं 5:30 बजे नाव परिचालन की व्यवस्था की गई है, ताकि किसान भाई अपने फल, सब्जी एवं दूध को सुरक्षित रूप से भागलपुर बाजार तक पहुंचा सकें।

इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया है कि बरारी घाट से भी नवगछिया बाजार में सामान भेजने के लिए दो नावों को निःशुल्क संचालित किया जा रहा है।

कई क्रूज ऑपरेटरों को भी परिचालन की अनुमति दी गई है। इनके लिए प्रति व्यक्ति किराया 50 रुपए तथा 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 25 रुपए निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त बाइक, साइकिल एवं अन्य वाहनों के लिए भी दर निर्धारित कर दी गई है। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों पर एंबुलेंस, पेयजल, शौचालय, नियंत्रण कक्ष एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सुरक्षा की दृष्टि से शाम 5:00 बजे के बाद नाव परिचालन पर रोक लगाई गई है। कई बार नावों में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में रेस्क्यू कार्य में कठिनाई होती है। सूर्यास्त से पूर्व किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य आसानी से किया जा सकता है तथा यात्रियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है।