जयपुर, 9 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) की सलामी जोड़ी के रूप में शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने इतिहास रच दिया है। गिल-सुदर्शन आईपीएल में ओपनिंग विकेट के लिए सर्वाधिक शतकीय साझेदारी के मामले में गुजरात टाइटंस की तरफ से ‘नंबर-1’ जोड़ी बन गए हैं।
किसी भी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा बार बतौर ओपनिंग जोड़ी शतकीय साझेदारी के मामले में भी यह बल्लेबाज संयुक्त रूप में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इनसे पहले डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रेविस हेड की जोड़ी सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से बतौर ओपनर 6-6 बार शतकीय साझेदारी कर चुके हैं।
इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर-जॉनी बेयरस्टो (सनराइजर्स हैदराबाद) और फाफ डु प्लेसिस-विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) 5-5 सझेदारियों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
आईपीएल में किसी भी विकेट के लिए सर्वाधिक शतकीय साझेदारियों के मामले में साई सुदर्शन और शुभमन गिल संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इन दोनों खिलाडियों ने 9 बार यह कारनामा किया है। इनके अलावा, विराट कोहली और क्रिस गेल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से 9 बार ऐसा कर चुके हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की जोड़ी शीर्ष पर है, जिनके बीच 10 बार शतकीय साझेदारी हुई है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात टाइटंस को साईं सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 65 गेंदों में 118 रन जोड़े। सुदर्शन 36 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 55 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान गिल ने मोर्चा संभाला।
प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें, तो गुजरात टाइटंस 10 में से 6 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने भी 10 में से 6 ही मुकाबले जीते हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण यह टीम चौथे स्थान पर है। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेंगी।

