Saturday, June 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने पर जीतन राम मांझी बोले, लोगों को...

सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेने पर जीतन राम मांझी बोले, लोगों को भाजपा सरकार से काफी उम्मीदें

0
20

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण को लेकर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि करीब 35 वर्ष के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है। बंगाल के गरीब लोगों को सरकार से काफी उम्मीदें हैं।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि ममता बनर्जी गरीबों के लिए काम नहीं कर रही थीं। वे कुछ कैडर को पैसे देकर काम करवाती थीं। इस बार चुनाव में पीएम मोदी का नेतृत्व, अमित शाह का प्रयास और ममता बनर्जी सरकार की नकारात्मकता की वजह से सोच से भी ज्यादा सीटे आईं।

जीतन राम मांझी ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने से लोगों में उत्साह है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ऐसा लग रहा था कि वहां उत्सव है। उन्होंने कहा कि 21 मुख्यमंत्री, केंद्र के कई मंत्री और राज्यपाल शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे।

भाजपा के जनरल सेक्रेटरी (संगठन) अशोक कौल ने सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को हजम ही नहीं हो रहा है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन गई है। बंगाल के सभी लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का साथ दिया।

सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने कहा कि इस चुनाव में जिस प्रकार से पक्षपात के आरोप लगे हैं, वो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बात है। देश के संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बढ़नी चाहिए।

डिफेंस एक्सपर्ट कैप्टन अनिल गौर (रिटायर्ड) ने आईएएनएस से कहा कि बंगाल में टीएमसी ने अफरातफरी की स्थिति पैदा की थी। हाल ही में सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या कर दी गई, जिस तरह से बंगाल में चीजें हो रही हैं, सुवेंदु अधिकारी के लिए लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को संभालना एक बड़ी चुनौती होगी। टीएमसी सरकार की ओर से की गई गड़बड़ियां ठीक होंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि जिसने भी गलत काम किया है, एक-एक को सजा मिलेगी।