कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंत्री डी. सुधाकर के निधन पर दुख जताया

0
6

बेंगलुरु, 10 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने रविवार को राज्य के योजना व सांख्यिकी मंत्री डी. सुधाकर के निधन पर दुख जताया और इसे ‘बेहद दर्दनाक पल’ बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डी. सुधाकर के असमय निधन से मुझे दुख हुआ है, वे सरकार के वरिष्ठ मंत्री और पार्टी के शीर्ष नेता थे। बीमारी के कारण पिछले कुछ दिनों से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। हाल ही में मैं खुद अस्पताल गया था और उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी। उस समय, मुझे उनके ठीक होने की उम्मीद थी।

सीएम ने कहा कि सुधाकर एक ऐसे इंसान थे जिन्हें जनता की सेवा के लिए बहुत ज्यादा फिक्र थी। उनके जैसे इंसान को अभी हमारे बीच रहना चाहिए था। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों और हम सभी की दुआओं के बावजूद सुधाकर आज हमें छोड़कर चले गए। यह बहुत दुख की बात है।

सिद्धारमैया ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारवालों और चाहने वालों को यह दुख सहने की ताकत मिले।

भारी व मध्यम उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने भी मंत्री के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सुधाकर अपनी सादगी, शालीनता, लोगों के हितैषी रवैये और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उन्होंने याद किया कि सुधाकर ने अपना राजनीतिक करियर चल्लकेरे निर्वाचन क्षेत्र से शुरू किया था और अपनी सक्रिय सार्वजनिक जीवन के माध्यम से हिरियुर निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का समर्थन जीतने में भी सफल रहे थे।

वही, कृषि मंत्री एन. चेलुवरायस्वामी ने कहा कि डी. सुधाकर के निधन की खबर से मुझे बहुत दुख हुआ है। अपने साधारण व्यक्तित्व और जनसेवा से उन्होंने एक अलग पहचान बनाई थी।

बता दें कि डी. सुधाकर का रविवार सुबह बेंगलुरु के केआईएमएस हॉस्पिटल में निधन हो गया, जहां पिछले एक महीने से उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था। हॉस्पिटल की ओर से एक बयान में कहा गया कि मंत्री का रविवार सुबह 3.15 बजे निधन हो गया।

चार बार के विधायक सुधाकर को शुरू में घुटने की सर्जरी के लिए बेंगलुरु के मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी के बाद उनके फेफड़ों में इन्फेक्शन हो गया, जो बाद में गंभीर हो गया। बाद में उन्हें केआईएमएस हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया और फेफड़ों के ट्रांसप्लांट की तैयारी चल रही थी लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया।