तिहाड़ जेल पहुंचीं एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर, महिला कैदियों के पुनर्वास पर दिया जोर

0
8

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्‍ल्‍यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तिहाड़ जेल का दौरा किया। इस दौरान उन्‍होंने महिला कैदियों से बातचीत की। उन्होंने महिला कैदियों की गरिमा, सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास के अवसरों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर फिर से जोर दिया।

इस संंबंध में एक अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी। उन्होंने कहा, “तिहाड़ जेल एक मॉडल जेल के तौर पर काम कर रही है।”

रहाटकर ने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “आज मैंने तिहाड़ जेल का दौरा किया। यहां मैंने महिला कैदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, उनके कल्याण के उपायों, पुनर्वास की पहलों और उनके रहने की स्थितियों की समीक्षा की।”

एनसीडब्‍ल्‍यूकी अध्यक्ष ने बताया कि इस अवसर पर जेल महानिदेशक (डीजी) आनंद मोहन, उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कुलदीप सिंह, अधीक्षक अमिता सुमन और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

विजया रहाटकर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का विस्तृत दौरा किया गया। इनमें महिला कैदियों के लिए बनी बैरक और कोठरियां, महिला कैदियों के साथ रहने वाले बच्चों के लिए क्रेच (शिशु-गृह) की सुविधा, फैशन लैब, सिलाई और कौशल प्रशिक्षण केंद्र, डिजिटल लर्निंग रूम, मनोरंजन की सुविधाएं, रसोईघर, चिकित्सा सुविधाएं और परामर्श कक्ष शामिल थे।

उन्होंने कहा कि मैंने जेल में चलाए जा रहे पुनर्वास और कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करने के लिए महिला कैदियों से भी बातचीत की। महिला कैदियों के सामाजिक पुनर्वास को सुनिश्चित करने के लिए उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण, शिक्षा, परामर्श और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के माध्यम से सशक्त बनाने की पहलों पर विशेष जोर दिया गया।

शनिवार को अपने दौरे के बाद उन्होंने कहा कि महिला कैदियों को कौशल-आधारित प्रशिक्षण और कल्याणकारी सहायता प्रदान करने के प्रयासों की सराहना करते हुए मैंने सभी महिला कैदियों की गरिमा, सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास के अवसरों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर फिर से जोर दिया।

इससे पहले मुंबई के अपने दौरे के दौरान एनसीडब्‍ल्‍यू अध्यक्ष ने केईएम अस्पताल का दौरा किया था। एक अधिकारी ने बताया कि वहां उन्होंने हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए सरकार द्वारा संचालित ‘वन स्टॉप सेंटर’ के कामकाज की समीक्षा की।

इस दौरान, विजया रहाटकर ने केंद्र के कर्मचारियों से बातचीत की और केंद्र की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

सोशल मीडिया पर एक संदेश में एनसीडब्‍ल्‍यू अध्यक्ष ने कहा कि मैंने मुंबई के परेल स्थित केईएम अस्पताल परिसर में संचालित ‘वन स्टॉप सेंटर’ का दौरा किया। वहां चिकित्सा कक्ष, परामर्श कक्ष, अस्थायी आश्रय सुविधा और केंद्र के समग्र सुखद वातावरण को देखकर मुझे काफी संतोष मिला।