Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति टीएमसी से निलंबित रिजु दत्ता ने आईपीएस अजय पाल शर्मा से माफी...

टीएमसी से निलंबित रिजु दत्ता ने आईपीएस अजय पाल शर्मा से माफी मांगी

0
21

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद टीएमसी से निलंबित रिजु दत्ता ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि यह मामला यही पर शांत हो जाएगा।

रविवार को एक वीडियो पोस्ट के माध्यम से रिजु दत्ता ने कहा, मैंने आईपीएस अधिकारी के खिलाफ कुछ बातें की थीं, वह व्यक्तिगत नहीं, पार्टी लाइन के तहत थीं। मैंने तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में आईपीएस अजय पाल शर्मा के बारे में एक वीडियो बनाया था। अब मेरी पार्टी ने मुझे सच बोलने के कारण 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। वह क्लिप वायरल हो चुकी है और भाजपा का पूरा आक्रोश व्यक्तिगत रूप से मुझ पर आ रहा है।

मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैंने वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में तृणमूल मुख्यालय से पार्टी लाइन का पालन करते हुए बनाया था और वह वीडियो तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से भी जारी किया गया था। आईपीएस के खिलाफ मैंने कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की थी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और मेरे कानूनी सलाहकार की सलाह पर मैं आईपीएस अजय पाल शर्मा से अपनी टिप्पणियों के लिए बिना शर्त माफी मांगता हूं। मैं अब एक सामान्य व्यक्ति हूं, जो अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीने और अपनी आजीविका जारी रखने की आशा करता है। मुझे उम्मीद है कि यह मामला अब स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगा।

दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया था। अजय पाल ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए कहा था कि हिंसा या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद टीएमसी प्रवक्ता रिजु दत्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि 4 मई के बाद भाजपा के नेता भी आपको बचा नहीं पाएंगे, हम आपको उत्तर प्रदेश से बंगाल ले आएंगे।